सूरत : शहर में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भाजपा ने शुरू किया राहत अभियान, हजारों फूड पैकेट वितरित

'सेवा ही संगठन' अभियान के तहत कार्यकर्ता घुटनों तक पानी में पहुंचा रहे भोजन और राहत सामग्री, 5,000 राहत किट तैयार

सूरत : शहर में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भाजपा ने शुरू किया राहत अभियान, हजारों फूड पैकेट वितरित

सूरत। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण सूरत शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सूरत महानगर भारतीय जनता पार्टी ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राहत अभियान शुरू करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भोजन एवं आवश्यक सामग्री का वितरण किया।

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। जिन क्षेत्रों में पानी भरने के कारण लोगों के लिए भोजन बनाना संभव नहीं हो रहा था या परिवार घरों में फंस गए थे, वहां तैयार भोजन के पैकेट पहुंचाए गए।

पार्टी के अनुसार, राहत अभियान के तहत शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन के हजारों फूड पैकेट तैयार किए गए हैं। कार्यकर्ता घुटनों तक पानी में उतरकर जरूरतमंद परिवारों के घर-घर तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।

भाजपा सूरत महानगर कार्यालय में प्रभावित नागरिकों के लिए लगभग 5,000 राहत किट तैयार की गई हैं। इनमें पूरी-सब्जी, पीने के पानी की बोतलें, बिस्कुट, वेफर्स, च्यूज़ और ड्राई स्नैक्स जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि "सेवा ही संगठन" के मंत्र के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी आपदा की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है और जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।