सूरत : ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 को मिला शानदार प्रतिसाद, दो दिनों में 20 हजार से अधिक विज़िटर्स पहुंचे
देशभर से 1,000 से अधिक खरीदार और घाना-नीदरलैंड्स के अंतरराष्ट्रीय बायर्स की मौजूदगी; सूरत के टेक्सटाइल उद्योग की नवीनतम तकनीक और उत्पादों ने खींचा ध्यान
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) द्वारा 26 से 28 जून 2026 तक सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC), सरसाना में आयोजित ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ को उद्योग जगत और खरीदारों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। आयोजन के पहले दो दिनों में करीब 20 हजार से अधिक विज़िटर्स ने एक्सपो का दौरा किया।
चैंबर के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि अपने नाम के अनुरूप यह एक्सपो वास्तव में वैश्विक पहचान बना रहा है। दो दिनों के दौरान देश के विभिन्न शहरों से 1,000 से अधिक खरीदार एक्सपो में पहुंचे, जबकि घाना और नीदरलैंड्स से भी अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने भाग लेकर प्रदर्शित उत्पादों में रुचि दिखाई।
उन्होंने कहा कि यह एक्सपो सूरत और दक्षिण गुजरात के वीवर्स, निटर्स, टेक्निकल टेक्सटाइल, वेलवेट एवं पाइल फैब्रिक निर्माताओं तथा गारमेंट उद्योग को एक प्रभावी बी-टू-बी (B2B) प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रहा है, जहां निर्माता सीधे घरेलू और विदेशी खरीदारों से संपर्क स्थापित कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में होम टेक्सटाइल और प्रीमियम फैब्रिक की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। इनमें हॉस्पिटल कर्टेन, शॉवर कर्टेन, ब्लैक-आउट एवं व्हाइट-आउट ड्रेपरी फैब्रिक, माइक्रोफाइबर पॉलिएस्टर फैब्रिक, बेडशीट, कम्फर्टर फैब्रिक, डुवेट एवं डुवेट कवर, पिलो कवर, बेडस्प्रेड, डिजिटल प्रिंटेड ब्लैक-आउट फैब्रिक तथा अल्ट्रासोनिक ब्लैक-आउट फैब्रिक प्रमुख आकर्षण रहे।
इन उत्पादों का निर्माण सूरत की उन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल इकाइयों द्वारा किया जाता है, जहां वीविंग, निटिंग, प्रोसेसिंग और स्टिचिंग जैसी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
एक्सपो में टेक्सटाइल उद्योग की नवीनतम तकनीकों और इनोवेटिव उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें विस्कोस फैब्रिक पर पोजीशन प्रिंट, एयरजेट लूम पर तैयार साल्सा प्लेन और साल्सा बूटी फैब्रिक, पश्मीना बॉम्बर जैकेट फैब्रिक तथा लूम पर सीधे एम्ब्रॉयडरी प्रभाव देने वाले प्रीमियम लैपेट एम्ब्रॉयडर्ड फैब्रिक ने विशेष आकर्षण पैदा किया।
इसके अलावा टेक्सटाइल वेस्ट से तैयार रीसायकल कॉटन फैब्रिक को भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक फैशन और आरामदायक उपयोग का संतुलित संयोजन देखने को मिला।
एक्सपो में देश के प्रमुख टेक्सटाइल हाउस और डिजाइनरों ने ट्रेडिशनल, एथनिक और फ्यूजन वियर के आकर्षक कलेक्शन प्रस्तुत किए। पारंपरिक साड़ियों से लेकर आधुनिक फैशन परिधानों तक विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात बाजार से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
