सूरत : ‘सस्टेनेबल प्रैक्टिस और ग्रीन टेक्नोलॉजी’ पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
टेक्सटाइल उद्योग को ऊर्जा दक्ष, पर्यावरण-अनुकूल और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
सूरत। टेक्सटाइल उद्योग में सतत विकास, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से TERI तथा Energiva Ventures ने SGTPA और MANTRA के सहयोग से सूरत के एक होटल में “टेक्सटाइल सेक्टर के लिए सस्टेनेबल प्रैक्टिस और ग्रीन टेक्नोलॉजी” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।
कार्यक्रम में SGTPA के प्रतिनिधि जितेंद्र वखारिया, MANTRA के रजनीकांत बचकानीवाला, TERI के गिरीश शेट्टी एवं श्रीमती बंशी, तथा जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक ए. वी. दवे सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने टेक्सटाइल उद्योग में सतत विकास और हरित तकनीकों की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के दौरान भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय द्वारा लागू की जा रही विभिन्न योजनाओं और नीतियों की जानकारी साझा की गई। साथ ही, Indian Institute of Technology Bombay, MANTRA और United Nations Industrial Development Organization के विशेषज्ञों ने ऊर्जा संरक्षण, सौर ऊर्जा के उपयोग, उन्नत डाइंग प्रक्रियाओं और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
विशेषज्ञों ने जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, संसाधनों के पुनर्चक्रण (रिसोर्स सर्कुलरिटी) तथा वैश्विक बाजार में टिकाऊ उत्पादों की बढ़ती मांग और अवसरों पर भी चर्चा की। उद्योगपतियों को पर्यावरण-अनुकूल और लागत बचाने वाली तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यशाला टेक्सटाइल उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी, पर्यावरण-अनुकूल और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम के समापन पर नेटवर्किंग डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें उद्योगपतियों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विचारों का आदान-प्रदान किया तथा संभावित सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।
