सूरत : बारडोली के पास दो महाराष्ट्र ST बसों की भीषण टक्कर, 7 की मौत; पलटी बस में लगी आग
उवा गांव के निकट हादसा, कंडक्टर ने बेहोश होने तक यात्रियों को बचाया; 17 घायल, कई को सूरत रेफर किया गया
सूरत। सूरत जिले के बारडोली तालुका स्थित उवा गांव के पास मंगलवार शाम महाराष्ट्र राज्य परिवहन (ST) की दो बसे सूरत से धुलिया जा रही और चालिसगांव से सूरत आ रही थी उनके बीच हुई भीषण टक्कर में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। घायलों में से कई को गंभीर चोटों के चलते सूरत के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 4:30 बजे उस समय हुआ जब एक बस जो सूरत से धुलिया जा सही थी उस बस के चालक ने सड़क पर मौजूद पानी के टैंकर को बचाने का प्रयास किया।
टक्कर के बाद बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस डिवाइडर पार कर सामने से आ रही दूसरी महाराष्ट्र ST बस जो चालीसगांव से सूरत जा रही थी उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई।
चालीसगांव से सूरत आ रही बस के कंडक्टर सफांदे नामदेव चित्रा ने बताया कि टक्कर के बाद बस में आग लगने लगी, लेकिन उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। उन्होंने महिलाओं और बच्चों सहित कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वह बेहोश हो गए।
सूरत कलेक्टर तेजस पटेल ने हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है ताकि मृतकों की संख्या न बढ़े। इस संबंध में महाराष्ट्र के धुले जिला प्रशासन से भी संपर्क किया गया है।
हादसे में घायल यात्रियों को बारडोली सीएचसी, सूरत सिविल अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बारडोली सीएचसी में 17 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि 7 गंभीर घायलों को सूरत सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से कुछ मरीजों को सिर और हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं।
सूरत सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, रेफर किए गए सभी मरीज फिलहाल होश में हैं और उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बारडोली फायर विभाग, पुलिस, प्रशासन और चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड ने युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में लगी आग पर काबू पाया। मौके पर ममलतदार, एसडीएम, पुलिस अधिकारी तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे।
टैंकर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र की ओर जा रही एक बस सड़क पर मौजूद पानी के टैंकर से टकरा गई। इसके बाद चालक का नियंत्रण खो गया और बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ST बस से भिड़ गई। टक्कर के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई।
मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी
पुलिस प्रशासन मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटा है। महाराष्ट्र प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह हादसा हाल के वर्षों में सूरत जिले के सबसे गंभीर सड़क हादसों में से एक माना जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
