सूरत : टेक्सटाइल मार्केटों में विद्युत सुरक्षा को लेकर फोस्टा सक्रिय
टोरेन्ट पावर और लाइसेंसधारी इलेक्ट्रिशियन एसोसिएशन के साथ बैठक, मार्केट-टू-मार्केट सर्वे और सुरक्षा जांच का निर्णय
सूरत : शहर के विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों में विद्युत सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा लगातार सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में फोस्टा ने टोरेन्ट पावर के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लाइसेंसधारी इलेक्ट्रिशियन एसोसिएशन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में टेक्सटाइल मार्केटों में विद्युत संबंधी समस्याओं, लोड एक्सटेंशन के लिए वायरिंग, पूरी मार्केट की नई वायरिंग की जांच, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रत्येक कनेक्शन के अनुसार आवश्यक कार्यों के लिए अलग-अलग कोटेशन तैयार करने पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के अध्यक्षों और उनकी समितियों के साथ समन्वय कर मार्केट-टू-मार्केट सर्वे किया जाएगा।
इस सर्वे के तहत जिन मार्केटों में विद्युत जोखिम या तकनीकी खामियां पाई जाएंगी, वहां टोरेन्ट पावर के अधिकृत अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोका जा सके और व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
फोस्टा ने टेक्सटाइल मार्केटों में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एयर कंडीशनिंग यूनिट्स के नियमित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया है।
इसके तहत प्रत्येक मार्केट में एएमसी (वार्षिक रखरखाव अनुबंध) व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि वर्ष में कम से कम तीन बार एसी यूनिट्स की नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित हो सके और तकनीकी खराबी अथवा दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
फोस्टा पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था व्यापारियों की सुरक्षा, सुविधा और टेक्सटाइल मार्केटों के सुव्यवस्थित विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी व्यापार हित और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।
