सूरत : CBSE परीक्षा में SBR माहेश्वरी विद्यापीठ का शानदार प्रदर्शन, हर्षित कासट बने शहर के द्वितीय टॉपर
कॉमर्स स्ट्रीम में 90% और साइंस में 81% ओवरऑल रिजल्ट, 9 विद्यार्थियों ने शहर के टॉप-10 में बनाई जगह
SBR माहेश्वरी विद्यापीठ ने CBSE बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम हासिल कर एक बार फिर विद्यालय, अभिभावकों और शिक्षकों को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कॉमर्स और साइंस दोनों स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
कॉमर्स स्ट्रीम में विद्यालय का ओवरऑल रिजल्ट 90 प्रतिशत रहा, जबकि साइंस स्ट्रीम में 81 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। विद्यालय के छात्र हर्षित कासट ने कॉमर्स स्ट्रीम में शहर में दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उन्होंने अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज़ और अप्लाइड मैथ्स में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर अनूठी उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय की छात्रा खुशी जालान ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा तथा अक्षरा खटोर ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ष कॉमर्स स्ट्रीम से 138 तथा साइंस स्ट्रीम से 12 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष उपलब्धि के रूप में 44 विद्यार्थियों ने अकाउंटेंसी में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि 10 विद्यार्थियों ने बिजनेस स्टडीज़ में 100 में से 100 अंक हासिल किए। वहीं, 4 विद्यार्थियों ने अप्लाइड मैथ्स में पूर्णांक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया आयाम जोड़ा। विद्यालय के लिए गर्व की बात यह भी रही कि उसके 9 विद्यार्थियों ने शहर के टॉप-10 विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई।
विद्यालय प्रबंधन, प्रिंसिपल एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को उनकी मेहनत, समर्पण और निरंतर सहयोग के लिए बधाई दी। विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती सारिका सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि MVPians ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी को गर्व का अनुभव कराया है। उन्होंने सभी हितधारकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
