सूरत : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न, सूरत कामलम कार्यालय पर गूंजा विजय का शंखनाद

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में प्रदर्शन पर उत्सव, कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी और बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई रसगुल्ला वितरित कर उत्सव मनाया

सूरत : पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न, सूरत कामलम कार्यालय पर गूंजा विजय का शंखनाद

सूरत। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में शानदार प्रदर्शन के उपलक्ष्य में सूरत महानगर भाजपा द्वारा कामलम कार्यालय पर भव्य जश्न का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में जीत का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल, सांसद मुकेशभाई दलाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही जनरल सेक्रेटरी करशनभाई गोंडालिया, दुर्गा प्रसाद पांडेय, विरलभाई गिलिटवाला और अन्य नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचकर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। खास तौर पर बंगाली समुदाय की भागीदारी भी देखने को मिली, जहां पारंपरिक झालमुड़ी और बंगाल की प्रसिद्ध मिठाई रसगुल्ला वितरित कर उत्सव को और खास बनाया गया।

कार्यक्रम में बंगाली समुदाय के नेता बसु अधिकारी, सदानंद राउत और मिल्टन डे समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को पार्टी की नीतियों और जनसमर्थन की जीत बताते हुए आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, एकजुटता और विजय का जोश साफ झलकता रहा।