सूरत : संप्रति फाउंडेशन और अबोलजीव चैरिटेबल ट्रस्ट का “कुंडा वितरण कार्यक्रम” संपन्न
भीषण गर्मी में पक्षियों और मूक जीवों के लिए पानी-चारे की व्यवस्था करने की अपील
सूरत। भीषण गर्मी के दौरान मूक पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने और समाज में जीवदया की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से संप्रति फाउंडेशन और अबोलजीव चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा “कुंडा वितरण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया।
संप्रति फाऊन्डेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व डेप्युटी महापौर नीरव शाह ने जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अडाजन स्थित धबकार सर्कल में पिछले 22 दिनों से चल रहे “छास करावे हाश” अभियान के तहत आयोजित किया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को कुंडे वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों एवं जानवरों के लिए पानी और चारे की व्यवस्था कर सकें।
आयोजकों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की कमी के कारण मूक जीवों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में समाज की छोटी-छोटी पहल भी उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकती है।
संप्रति फाउंडेशन और अबोलजीव चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन और समापन हुआ। इस अवसर पर संस्था की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे गर्मी के दिनों में जीवदया के इस अभियान से जुड़ें और अपने आसपास पक्षियों व जानवरों के लिए पानी तथा भोजन की व्यवस्था अवश्य करें।
संप्रति फाऊन्डेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व डेप्युटी महापौर नीरव शाह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से संदेश दिया गया— “हर घर एक तालाब बने, जो पक्षियों और मूक जीवों के जीवन का आधार बने।”
