सूरत : SGCCI ने बढ़ाया इंफ्रास्ट्रक्चर, ‘बिमला रानी अमरनाथ डोरा परिवार भवन’ का भव्य उद्घाटन

SIECC सरसाना में आधुनिक बैंक्वेट हॉल शुरू, उद्योग और सामाजिक आयोजनों को मिलेगा नया मंच

सूरत : SGCCI ने बढ़ाया इंफ्रास्ट्रक्चर, ‘बिमला रानी अमरनाथ डोरा परिवार भवन’ का भव्य उद्घाटन

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरसाना स्थित SIECC कैंपस में ‘बिमला रानी अमरनाथ डोरा परिवार भवन’ नामक आधुनिक बैंक्वेट हॉल का भव्य उद्घाटन किया।

यह नया हॉल अब औद्योगिक, व्यावसायिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक स्थल के रूप में उपयोग में आएगा।

इस भवन का उद्घाटन 9 मई 2026 को चैंबर के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र चोखावाला की विशेष उपस्थिति में आयोजित समारोह के दौरान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत SGCCI के अध्यक्ष निखिल मद्रासी द्वारा मुख्य दानदाता श्रीमती बिमला रानी डोरा और श्री अमरनाथ डोरा तथा मुख्य अतिथि राजेंद्र चोखावाला का बुके और मोमेंटो देकर स्वागत करने से हुई।

अपने संबोधन में डोरा परिवार ने कहा कि यह भवन सूरत के उद्योग जगत और व्यापारिक समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह आधुनिक बैंक्वेट हॉल सेमिनार, बिजनेस कॉन्फ्रेंस, नेटवर्किंग मीटिंग्स और विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। उल्लेखनीय है कि श्री अमरनाथ डोरा पूर्व में SGCCI के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने कहा कि सूरत में लगातार बढ़ रहे औद्योगिक और व्यापारिक आयोजनों को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता बढ़ी है। ऐसे में यह नया बैंक्वेट हॉल चैंबर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा और SIECC कैंपस के इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूत बनाएगा।

समारोह के अंत में SGCCI के उपाध्यक्ष अशोक जीरावाला ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में चैंबर के पूर्व अध्यक्षों, विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों और डोरा परिवार के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है नया भवन

‘बिमला रानी अमरनाथ डोरा परिवार भवन’ लगभग 3700 वर्ग फीट क्षेत्र में निर्मित किया गया है और इसमें करीब 200 लोगों के बैठने की क्षमता है। हॉल में 20 टन क्षमता वाला आधुनिक एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया गया है। इसके इंटीरियर को आकर्षक ‘कैफे लुक’ दिया गया है, जो कॉर्पोरेट और सामाजिक आयोजनों को विशेष पहचान देगा।

भवन में 12 लोगों की बैठने की व्यवस्था वाले दो विशेष VIP लाउंज भी बनाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक किचन, परमानेंट डिश काउंटर, धुआं निकासी के लिए विशेष चिमनी तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग वॉश एरिया जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

Tags: Surat SGCCI