सूरत मनपा चुनाव 2026 : 109 निर्वाचित उम्मीदवारों ने सेक्रेटरी विभाग में जमा किए दस्तावेज

शेष 11 भाजपा उम्मीदवार मंगलवार को करेंगे प्रक्रिया पूरी, उम्मीदवारों के बायोमेट्रिक भी किए गए

सूरत मनपा चुनाव 2026 : 109 निर्वाचित उम्मीदवारों ने सेक्रेटरी विभाग में जमा किए दस्तावेज

सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद अब निर्वाचित उम्मीदवारों की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा 120 विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र सौंपे जाने के बाद सेक्रेटरी विभाग ने सभी पार्षदों को आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के निर्देश दिए थे।

राज्य सरकार की ओर से मनपा के लिए आधिकारिक गजट जारी होने के बाद सेक्रेटरी विभाग ने निर्वाचित उम्मीदवारों को व्हाट्सऐप संदेश और कर्मचारियों के माध्यम से सूचना भेजकर दस्तावेज जमा करने को कहा। सोमवार को 120 में से 109 निर्वाचित उम्मीदवारों ने अपने आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए।

सूत्रों के अनुसार, शेष 11 भाजपा उम्मीदवार मंगलवार सुबह अपने दस्तावेज जमा करेंगे। बताया जा रहा है कि सोमवार को कांग्रेस  के एक और आम आदमी पार्टी के चार उम्मीदवारों सहित भाजपा के 104 उम्मीदवारों ने सेक्रेटरी विभाग में जरूरी कागजात जमा किए।

जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार के शहरी विकास एवं आवास विभाग की उप सचिव भव्या व्यास ने शुक्रवार को 120 निर्वाचित उम्मीदवारों की सूची वाला गजट म्युनिसिपल कमिश्नर को भेजा था। इसके बाद नगर निगम के सेक्रेटरी विभाग ने सभी निर्वाचित पार्षदों को बायोडाटा और अन्य दस्तावेज जमा करने के निर्देश जारी किए।

सेक्रेटरी विभाग की प्रक्रिया के तहत जिन उम्मीदवारों ने दस्तावेज जमा किए हैं, उनके बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

Tags: Surat