सूरत : “उद्यमी सम्मेलन–2026” की तैयारियां तेज, 3 मई को होगा भव्य आयोजन
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री प्रकाश गुप्ता मुख्य अतिथि, उत्कृष्ट उद्यमियों को मिलेगा “उद्यमी अवार्ड”
लघु उद्योग भारती (सूरत जिला) द्वारा आयोजित “उद्यमी सम्मेलन–2026” को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हाल ही में आयोजित एक बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया तथा आयोजन की जिम्मेदारियां विभिन्न समितियों को सौंप दी गईं। यह सम्मेलन 03 मई 2026, रविवार को सायं 6:00 बजे श्री नरेन्द्र पंचासरा भवन, पर्वत पाटिया, सूरत में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहेंगे। उनके साथ डॉ. जय राम गामीत (राज्य मंत्री, MSME, गुजरात) और श्रीमती संगीता बेन पाटिल (विधायक, लिम्बायत) भी विशेष रूप से शामिल होंगी।
अतिथि विशेष के रूप में सांवरप्रसादजी बुधिया (साकेत), संजय सरावगी (लक्ष्मीपति ग्रुप), ईश्वरभाई पटेल (अध्यक्ष, गुजरात लघु उद्योग भारती), जे. बी. देव (जॉइंट कमिश्नर, उद्योग) एवं हंसराजजी जैन कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
सम्मेलन के दौरान उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा उद्यमियों को “उद्यमी अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। इस सूची में वैम्पम सिंटेक्स, गौरिपुत्रा, इज़िन, युग फैशन एवं देवश्री जैसे प्रतिष्ठान शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया और अधिक से अधिक उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सूरत महानगर अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बताया कि यह सम्मेलन शहर के उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां उद्यमियों को मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी उद्यमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया। बैठक में महामंत्री सतीश सवानी, राजेंद्र चौधरी, पंकज शर्मा, वीरेंद्र राजावत, शीशपाल स्वामी, महेंद्र पटेल, विनोद सारस्वत, मनोहर वैष्णव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
