सूरत : बैटर टुमारो फाउंडेशन का संकल्प, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा सशक्त भविष्य

महिला इकाई की बैठक में नई पदाधिकारियों की नियुक्ति, समाज सेवा के पांच प्रकल्पों पर जोर

सूरत : बैटर टुमारो फाउंडेशन का संकल्प, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा सशक्त भविष्य

सूरत में बैटर टुमारो फाउंडेशन की महिला इकाई की बैठक का आयोजन वेसू स्थित कैनाल वॉकर्स पर किया गया। बैठक की अध्यक्षता फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश भारूका ने की, जिसमें बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं। इस अवसर पर राजेश भारूका ने फाउंडेशन के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था सूरत के युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि बैटर टुमारो फाउंडेशन वर्तमान में पांच प्रमुख प्रकल्पों पर कार्य कर रहा है। इनमें ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के अंतर्गत आहार सेवा, ‘आत्मनिर्भर भारत’ प्रकल्प के तहत जरूरतमंदों को लारी-स्टॉल शुरू करवा कर रोजगार उपलब्ध कराना, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, गरीब बस्तियों में जल सेवा तथा गौ सेवा शामिल हैं।

बैठक के दौरान महिला इकाई, सूरत की नई पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा भी की गई। इसके तहत सुनीता अग्रवाल को चेयरमैन, तरुण वाधवानी को अध्यक्ष, प्रीति अग्रवाल, पायल जोशी और हनी भावनानी को उपाध्यक्ष बनाया गया। माया बालचंदानी को महामंत्री, मेघा पुरोहित और जियरा वाधवानी को मंत्री, सिया बुलचंदानी और जिया खुराना को कोषाध्यक्ष तथा कवियत्री सोनल जैन को सलाहकार नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों और उपस्थित सदस्यों को आगामी सूरत महानगर पालिका चुनाव में मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी ने समाज सेवा और जनजागृति के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Tags: Surat