सूरत : सीए स्टूडेंट्स नेशनल कॉन्फ्रेंस ‘चेप्टर 2026’ का आयोजन, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने किया छात्रों का मार्गदर्शन
देशभर से 1,500 से अधिक सीए विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व और सुशासन पर केंद्रीय मंत्री ने साझा किए प्रेरक विचार
सूरत। आईसीएआई की सूरत शाखा (डब्लूआईआरसी) एवं डब्लूआईसीएएसए सूरत द्वारा शनिवार, 27 जून 2026 को सीए स्टूडेंट्स नेशनल कॉन्फ्रेंस-2026 ‘चेप्टर का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर से 1,500 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति रही।आईसीएआई सूरत ब्रांच (डब्लूआईआरसी) के चेयरमैन सीए राहुल अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य देशभर के सीए विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान कर उन्हें ज्ञान, प्रेरणा और व्यावसायिक उत्कृष्टता का अनुभव कराना था।
उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व, सुशासन और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, जिम्मेदारी और उत्कृष्टता के साथ अपने पेशे का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
सम्मेलन का मार्गदर्शन सीए जय छैरा, केंद्रीय परिषद सदस्य (आईसीएआई) एवं कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर ने किया। इस अवसर पर आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अर्पित काबरा भी उपस्थित रहे।
सीए राहुल अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मेलन विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से संवाद का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे बेहतर पेशेवर और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
डब्लूआईसीएएसए सूरत के चेयरमैन सीए प्रीतेश शाह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत रही और उनके विचारों ने सम्मेलन के शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी स्वरूप को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी सूरत शहर के अध्यक्ष परेश पटेल सहित Iआईसीएआई के पदाधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, देश के विभिन्न राज्यों से आए 1,500 से अधिक सीए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ ‘चेप्टरr 2026’ का सफल समापन हुआ और यह राष्ट्रीय स्तर पर एक यादगार शैक्षणिक सम्मेलन साबित हुआ।
