सूरत में स्टेट बैंक की विरासत में लगा चार चांद, हेरिटेज गैलरी का भव्य उद्घाटन
शहर में वर्ष 1896 में हुयी थी बैंकिंग की शुरुआत
शहर की करीब 130 वर्ष पुरानी बैंकिंग विरासत को संजोने की दिशा में चौक बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में हेरिटेज गैलरी का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर गांधीनगर सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक बालाजी कुमार सिंगसमानता, सूरत के उप महाप्रबंधक राजेश कुमार और क्षेत्रीय प्रबंधक विकास कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बैंक के प्रमुख ग्राहकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। इस दौरान “माय ब्रांच माय एंबेसडर” अभियान के तहत अतिथि ग्राहकों का सम्मान कर समारोह को यादगार बनाया गया।
सूरत में बैंकिंग इतिहास की शुरुआत वर्ष 1896 में हुई थी, जब बैंक ऑफ बॉम्बे की शाखा सूरत ऐतिहासिक किला परिसर में स्थापित की गई। उस दौर में डब्ल्यू. जी. पेज शाखा के पहले एजेंट बने। बाद में वर्ष 1921 में प्रेसीडेंसी बैंकों के विलय से इम्पीरियल बैंक ऑफ इंडिया बना और 1955 में इसका नाम बदलकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रखा गया। यह शाखा आज भी शहर की गौरवशाली बैंकिंग परंपरा की जीवंत पहचान बनी हुई है।
