सूरत : मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शहर पुलिस आयुक्त  द्वारा शांती समिति की बैठक

पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत की अध्यक्षता में समाज के प्रतिनिधियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिया

सूरत : मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शहर पुलिस आयुक्त  द्वारा शांती समिति की बैठक

सूरत। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सूरत शहर में पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा सभी समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को मजबूत करना था। मुहर्रम का पर्व 26 जून को मनाया जाएगा, जिसके मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सभी धर्मों के धार्मिक नेताओं, समाजसेवियों तथा हिंदू और मुस्लिम समुदाय के प्रतिष्ठित नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सूरत विविधता में एकता का प्रतीक शहर है, जहां सभी धार्मिक पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि मुहर्रम के आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों को पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।

इसके लिए सभी पुलिस स्टेशनों के अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर आयोजन समितियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उपस्थित विभिन्न समुदायों के नेताओं और मुहर्रम आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पर्व को अनुशासन और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने कहा कि सूरत देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है और इसकी प्रगति के पीछे मजबूत कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण सामाजिक वातावरण का बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि किसी भी शहर में व्यापार, रोजगार और विकास तभी फलता-फूलता है, जब वहां सुरक्षा और शांति का माहौल हो। इस व्यवस्था को बनाए रखने में सूरतवासियों का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आने वाले तीन से चार महीनों में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार मुहर्रम को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस और नागरिक मिलकर प्रयास कर रहे हैं, उसी तरह आगामी सभी त्योहार भी आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास का यह रिश्ता सूरत की सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत करेगा तथा शहर में शांति और विकास की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

Tags: Surat