सूरत : रुंगटा ग्रीन सोसाइटी में फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

सूरत महानगरपालिका, पुलिस और डीजीवीसीएल की संयुक्त पहल से 200 से अधिक निवासी हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक

सूरत : रुंगटा ग्रीन सोसाइटी में फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

नागरिकों में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रुंगटा ग्रीन सोसाइटी में सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) के फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग द्वारा फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन एवं डीजीवीसीएल (DGVCL) की टीम भी उपस्थित रही और मॉक ड्रिल के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मॉक ड्रिल में डूंभाल, मान दरवाजा और डिंडोली फायर स्टेशन से पहुंचे अधिकारियों एवं अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, प्राथमिक बचाव तथा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। टीम ने फायर सेफ्टी उपकरणों का लाइव प्रदर्शन भी किया, जिससे उपस्थित लोगों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में 200 से अधिक सोसायटी निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, सतर्कता बरतने और सही निर्णय लेने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के समापन पर रुंगटा ग्रीन सोसाइटी की ओर से सूरत महानगरपालिका के फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग, पुलिस प्रशासन तथा डीजीवीसीएल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया गया।

इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष पंकज शर्मा, सचिव राजकुमार शर्मा, आशीष तिवारी, विमल जैन सहित प्रबंध समिति के सभी पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

Tags: Surat