सूरत : भेस्तान में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत

डिंडोली स्थित घर लौटते समय हुआ हादसा; पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की

सूरत : भेस्तान में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से मां-बेटी की मौत

सूरत। शहर के भेस्तान क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार 22 वर्षीय महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही भेस्तान पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुखशां सैयद अपनी तीन वर्षीय बेटी जैनम के साथ मोपेड से डिंडोली स्थित अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान भेस्तान क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बेटी दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भेस्तान पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की आवश्यकता पर चिंता व्यक्त की है।