सूरत : डिंडोली में NDRF का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, बाढ़ में फंसे 255 लोगों को सुरक्षित निकाला

शिवशक्ति सोसाइटी में देर रात चला बचाव अभियान, महिलाओं और बच्चों सहित सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

सूरत : डिंडोली में NDRF का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, बाढ़ में फंसे 255 लोगों को सुरक्षित निकाला

सूरत। दक्षिण गुजरात में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण सूरत के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। डिंडोली क्षेत्र की शिवशक्ति सोसाइटी में भी बड़ी संख्या में लोग बाढ़ के पानी में फंस गए थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरत जिला प्रशासन और गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (State Emergency Operation Centre) के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 6वीं बटालियन ने देर रात विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया।

NDRF की टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जलभराव वाले क्षेत्र में व्यापक बचाव अभियान संचालित किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल 255 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें 153 पुरुष, 67 महिलाएं और 35 बच्चे शामिल हैं। सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं और जलभराव वाले इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

Tags: Surat