सूरत :  SGCCI-CAIT का सेमिनार, व्यापार के भविष्य के लिए AI और मशीन लर्निंग अपनाना जरूरी—प्रवीण खंडेलवाल

90% भारतीय व्यापारी AI और ML तकनीक से अनजान; ‘वन ट्रेड, वन लाइसेंस’ व्यवस्था लाने की तैयारी, टेक्सटाइल उद्योग को PLI योजना का लाभ लेने की सलाह

सूरत :  SGCCI-CAIT का सेमिनार,  व्यापार के भविष्य के लिए AI और मशीन लर्निंग अपनाना जरूरी—प्रवीण खंडेलवाल

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) तथा कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के गुजरात चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सरसाना स्थित उषाकांत मारफतिया हॉल में ‘ट्रेड और इंडस्ट्री को मजबूत करना: सरकारी योजनाएं, बिजनेस डेवलपमेंट और नए अवसर’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों को बदलते कारोबारी परिवेश, आधुनिक तकनीकों और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत में SGCCI के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि भारत के आर्थिक विकास में व्यापार और उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

केंद्र और राज्य सरकारों ने व्यापार को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक नई योजनाएं, सुधार और नीतियां लागू की हैं। ऐसे प्रतिस्पर्धी दौर में व्यापारियों के लिए नए व्यावसायिक अवसरों, आधुनिक कार्यप्रणालियों और व्यवसाय विस्तार के उपायों की जानकारी रखना आवश्यक है।

मुख्य वक्ता प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि आज वैश्विक व्यापार तेजी से मशीन लर्निंग (ML) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रणालियों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन भारत के लगभग 90 प्रतिशत व्यापारी अभी भी इन तकनीकों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि समय के साथ स्वयं को तकनीकी रूप से अपडेट करना हर व्यापारी के लिए अनिवार्य हो गया है। व्यवसाय को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए आधुनिक डिजिटल टूल्स और नई तकनीकों की जानकारी जरूरी है।

उन्होंने व्यापारियों को केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, लखपति दीदी योजना और डिजी सखी योजना की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े उद्यमियों से प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार भविष्य में ‘वन ट्रेड, वन लाइसेंस’ व्यवस्था लागू करने की दिशा में प्रयास कर रही है, जिससे व्यापारिक प्रक्रियाएं और अधिक सरल हो सकेंगी।

प्रवीण खंडेलवाल ने जानकारी दी कि CAIT और ITPO के संयुक्त सहयोग से 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडियन ट्रेड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।

इस आयोजन में सूरत के टेक्सटाइल उद्योग ने लगभग 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्टॉल बुक किए हैं। फेस्टिवल में 40 से अधिक देशों के उद्योगपति और व्यापारिक प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे भारतीय उद्योगों और व्यापारियों को वैश्विक बाजार से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, टेक्सटाइल टास्क फोर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं चेयरमैन आशीष गुजराती, CAIT गुजरात के अध्यक्ष प्रमोद भगत सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की रूपरेखा मनोज अग्रवाल ने प्रस्तुत की, संचालन मितेश शाह ने किया तथा अंत में मानद मंत्री परेश लाठिया ने आभार व्यक्त किया।

Tags: Surat SGCCI