सूरत : एसजीसीसीआई द्वारा 26 से 28 जून तक होगा ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’

25 हजार से अधिक B2B खरीदारों की मौजूदगी में 200 प्रदर्शक दिखाएंगे टेक्सटाइल क्षेत्र की नवीनतम तकनीक और उत्पाद

सूरत : एसजीसीसीआई द्वारा 26 से 28 जून तक होगा ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’

सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) द्वारा 26 से 28 जून, 2026 तक सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एसआईईसीसी) में ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जाएगा।

टेक्सटाइल उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शनी सूरत सहित देशभर के फैब्रिक निर्माताओं, व्यापारियों और खरीदारों के लिए एक महत्वपूर्ण बिजनेस प्लेटफॉर्म साबित होगी।

चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि पहले ‘विविनिट एग्जीबिशन’ के नाम से प्रसिद्ध यह आयोजन अब ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो’ के रूप में नई पहचान के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सूरत की वीविंग, निटिंग, नैरो फैब्रिक्स, टेक्निकल टेक्सटाइल और गारमेंट इंडस्ट्री को वैश्विक बाजार से जोड़ना है। यह प्रदर्शनी स्थानीय उद्योगों को ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

प्रदर्शनी में विस्कोस फैब्रिक पर पोजीशन प्रिंट, एयरजेट तकनीक आधारित साल्सा प्लेन और साल्सा बूटी फैब्रिक जैसी आधुनिक टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा पश्मीना बॉम्बर जैकेट फैब्रिक, लैपेट एम्ब्रॉयडर्ड फैब्रिक, रिसाइकिल कॉटन फैब्रिक तथा प्रीमियम फैशन फैब्रिक्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

साथ ही माइक्रोफाइबर बेडशीट, डुवेट फैब्रिक, पिलो कवर, ब्लैकआउट कर्टेन फैब्रिक, हॉस्पिटल और शॉवर कर्टेन, होम फर्निशिंग फैब्रिक्स तथा विभिन्न तकनीकी टेक्सटाइल उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

चैंबर के मानद मंत्री परेश लाठिया और मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल ने बताया कि गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और चीन के शेंगझू शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रदर्शक इस प्रदर्शनी में भाग लेंगे।

1.16 लाख वर्गफुट क्षेत्रफल वाले वातानुकूलित, पिलर-रहित हॉल में आयोजित इस एक्सपो में देशभर से 25,000 से अधिक B2B खरीदारों और विजिटर्स के आने की उम्मीद है।

जयपुर, जोधपुर, इरोड, पुणे, वाराणसी, ग्वालियर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, लुधियाना, कोलकाता, लखनऊ, चेन्नई, मुंबई और दिल्ली जैसे प्रमुख टेक्सटाइल बाजारों से भी बड़ी संख्या में खरीदार आमंत्रित किए गए हैं।

चैंबर के उपाध्यक्ष रवि राज देसाई ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित विविनिट प्रदर्शनी के माध्यम से प्रतिभागियों को छह माह के भीतर लगभग 450 करोड़ रुपये का कारोबार प्राप्त हुआ था। इस बार प्रदर्शनी का दायरा बढ़ाए जाने से 600 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना जताई जा रही है।

ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 का उद्घाटन 26 जून को सुबह 10 बजे उषाकांत मारफतिया हॉल , सरसाना में होगा। गुजरात सरकार के उद्योग मंत्री जयराम गामित मुख्य अतिथि और उद्घाटनकर्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के ग्लोबल प्रेसिडेंट (बिजनेस डेवलपमेंट), अजमेरा फैशन लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ अजय अजमेरा, सर्जन इंटरनेशनल के संस्थापक अमित डोबरिया तथा बॉम्बे डाइंग के वरिष्ठ अधिकारी रजनीश दत्त विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 के चेयरमैन हरेश पटेल ने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले एमएसएमई उद्यमियों को गुजरात सरकार की सब्सिडी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। साथ ही उन्हें नए व्यापारिक अवसर, नेटवर्किंग, तकनीकी जानकारी और संभावित निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।

ऑल एग्जीबिशन चेयरमैन मनीष कपाड़िया ने कहा कि यह प्रदर्शनी फैब्रिक निर्माताओं के लिए एक ‘वन-स्टॉप बिजनेस प्लेटफॉर्म’ साबित होगी, जहां वे अपने नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ-साथ नए उत्पाद लॉन्च, ब्रांड प्रमोशन, कॉर्पोरेट नेटवर्किंग और नए बाजारों तक पहुंच बनाने में सक्षम होंगे।

उन्होंने कहा कि एयरजेट, डिजिटल प्रिंटिंग, शिफली मशीन और बीड एम्ब्रॉयडरी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से तैयार फैब्रिक्स इस प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।