सूरत में टेक्निकल टेक्सटाइल और हाई वैल्यू-एडेड उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा: कमल विजय तुलस्यान

गुजरात इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 से सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा, पूंजी, ब्याज और बिजली सब्सिडी में बढ़ोतरी का स्वागत

सूरत में टेक्निकल टेक्सटाइल और हाई वैल्यू-एडेड उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा: कमल विजय तुलस्यान

सूरत। गुजरात सरकार की नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 को सूरत और दक्षिण गुजरात के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए पांडेसरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल विजय तुलस्यान ने इसका स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ भविष्य आधारित और उच्च मूल्य संवर्धित क्षेत्रों को भी “थ्रस्ट सेक्टर” के रूप में शामिल किया है, जिससे सूरत के औद्योगिक परिदृश्य को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि नई नीति में टेक्सटाइल उद्योग के लिए विशेष रूप से वैल्यू एडिशन और टेक्निकल टेक्सटाइल पर जोर दिया गया है। इसके तहत पारंपरिक कपड़ा उत्पादन के अलावा टेक्निकल टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, हाई वैल्यू-एडेड टेक्सटाइल उत्पादों और आधुनिक टेक्सटाइल विनिर्माण को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

कमल विजय तुलस्यान ने कहा कि नई नीति में पूंजी सब्सिडी को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत तथा ब्याज सब्सिडी को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किए जाने का प्रावधान उद्योगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।

वहीं, बिजली सब्सिडी को भी 1 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति यूनिट किए जाने का निर्णय उद्योग-अनुकूल कदम है, जिससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि सूरत की बहु-अरब रुपये की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई नीति में थ्रस्ट सेक्टर के रूप में शामिल किया जाना विशेष महत्व रखता है। टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन, आधुनिक मशीनरी, ऑटोमेशन और निर्यात क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न सहायता योजनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

साथ ही, टेक्सटाइल वेस्ट रीसाइक्लिंग यूनिट्स को भी प्राथमिकता दी गई है, जो उद्योग को अधिक टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

तुलस्यान ने विश्वास व्यक्त किया कि गुजरात इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026 सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए और अधिक सक्षम बनाएगी तथा निवेश, रोजगार और निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उन्होंने इस दूरदर्शी और उद्योगोन्मुखी नीति के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भुपेन्द्र पटेल तथा उपमुख्यमंत्री एवं उद्योग मंत्री हर्ष संघवी का आभार व्यक्त किया।