सूरत : नासिर नगर डिमोलिशन मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन; हाई-लेवल जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष डॉ. तुषार चौधरी ने मनपा जांच समिति पर उठाए सवाल, दोषी अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग

सूरत : नासिर नगर डिमोलिशन मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन; हाई-लेवल जांच की मांग

सूरत। नासिर नगर में हुए विवादित डिमोलिशन मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गुजरात प्रदेश कांग्रेस के बैनर तले डिमोलिशन स्थल पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को कथित रूप से “प्रायोजित डिमोलिशन” करार देते हुए प्रशासन और सत्ताधारी तंत्र को कटघरे में खड़ा किया।

धरना-प्रदर्शन में गुजरात विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. तुषार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सूरत महानगरपालिका द्वारा गठित जांच समिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस को इस समिति की निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से गांधीनगर स्तर पर एक उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की, जो स्वयं सूरत आकर पूरे मामले की जमीनी स्तर पर जांच करे और अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करे।

डॉ. चौधरी ने कहा कि इस मामले में यदि नगर निगम अथवा पुलिस प्रशासन के किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा सत्ता के दुरुपयोग की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने कहा कि नासिर नगर प्रकरण केवल तोड़फोड़ का मामला नहीं है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और नागरिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन राज्यसभा चुनाव से जुड़े घटनाक्रम के बाद दिल्ली में बुलाई गई कांग्रेस की आपात बैठक में भाग लेने के कारण वे सूरत नहीं पहुंच सके।

धरना-प्रदर्शन में सूरत शहर कांग्रेस अध्यक्ष विपुल उधनावाला, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष हरीश सूर्यवंशी, आनंद चौधरी पूर्व विधायक एवं सूरत जिला कांग्रेस अध्यक्ष,  पूर्व पार्षद असलम सायकलवाला, संगठन महासचिव रोहित सावलिया, पार्षद अरशद जरीवाला, सेवादल अध्यक्ष संतोष पाटील, ममता सवानी शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नासिर नगर के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Tags: Surat