सूरत : पांडेसरा आई विजन सेंटर ने रचा सेवा का नया आयाम, 15 हजार से अधिक लोगों की हुई नि:शुल्क नेत्र जांच

180 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न, हजारों जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे उपलब्ध कराए गए

सूरत : पांडेसरा आई विजन सेंटर ने रचा सेवा का नया आयाम, 15 हजार से अधिक लोगों की हुई नि:शुल्क नेत्र जांच

सूरत। पांडेसरा जीआईडीसी स्थित पांडेसरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा संचालित आई विजन सेंटर समाज के विभिन्न वर्गों को गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की प्रेरणा से शुरू किया गया यह केंद्र हजारों लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है।

आई विजन सेंटर की उपलब्धियों पर नजर डालें तो अब तक कुल 15,289 लोगों की नि:शुल्क नेत्र जांच की जा चुकी है। इसके अलावा 5,807 लोगों को रेडीमेड रीडिंग ग्लासेस तथा 5,568 लोगों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। वहीं, 1,033 मरीजों को विशेष उपचार एवं आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए विशेषज्ञ केंद्रों पर रेफर किया गया है।

केंद्र की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही है कि इसके माध्यम से अब तक 180 मरीजों के मोतियाबिंद के सफल एवं नि:शुल्क ऑपरेशन कराए जा चुके हैं। इन ऑपरेशनों के जरिए अनेक लोगों को नई दृष्टि मिलने के साथ उनके जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार आया है।

पांडेसरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा संचालित यह सेवा विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, उनके परिवारों तथा स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। संस्था का मानना है कि केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल के मार्गदर्शन और प्रेरणा ने इस परियोजना को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

एसोसिएशन ने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े स्वास्थ्य कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाते हुए अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे।