सूरत : मुंबई में SGCCI की भव्य आर्ट एग्ज़िबिशन सफलतापूर्वक संपन्न
नेहरू सेंटर आर्ट गैलरी में 24 कलाकारों की 47 कलाकृतियों ने बिखेरा रंग, लाइव पेंटिंग सेल ने बढ़ाया कलाकारों का उत्साह
सूरत। धी सधर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) की आर्ट, कल्चर एंड हैंडीक्राफ्ट कमिटी द्वारा मुंबई के वर्ली स्थित नेहरू सेन्टर आर्ट गैलेरी में आयोजित भव्य आर्ट एग्ज़िबिशन का सफल समापन हुआ।
5 से 11 मई 2026 तक चली इस सप्ताहभर की प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों की कलाकृतियों को राष्ट्रीय मंच मिला। प्रदर्शनी का उद्देश्य कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ उन्हें आर्ट लवर्स, कलेक्टर्स और क्यूरेटर्स से सीधे जोड़ना था। आईएमसी लेडीज़ विंग की प्रेसिडेंट ने किया उद्घाटन
एग्ज़िबिशन का उद्घाटन राज्य लक्ष्मी राव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध बिज़नेस कंसल्टेंट नेविल मेहता सहित मुंबई और सूरत के कई कला प्रेमी, उद्योगपति और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी ने कहा कि सूरत और अहमदाबाद के बाद मुंबई जैसे कला और संस्कृति के बड़े केंद्र में इस एग्ज़िबिशन का आयोजन चैंबर की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से कलाकारों को देश के प्रतिष्ठित आर्ट कलेक्टर्स और क्यूरेटर्स के साथ सीधे संवाद का अवसर मिला।
प्रदर्शनी में देशभर से चयनित 24 कलाकारों की कुल 47 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। सभी पेंटिंग्स को कमिटी द्वारा तय किए गए प्रोफेशनल मापदंडों के आधार पर क्यूरेट किया गया था।
प्रदर्शनी के दौरान सूरत की कलाकार तेजलबेन मोदी की एक पेंटिंग मौके पर ही बिक गई, जिसने अन्य कलाकारों का उत्साह और बढ़ा दिया। आयोजकों के अनुसार यह एग्ज़िबिशन कलाकारों के लिए सिर्फ प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट नेटवर्किंग और ग्लोबल मार्केट से जुड़ने का अवसर भी साबित हुई।
चैंबर की आर्ट, कल्चर एंड हैंडीक्राफ्ट कमिटी की चेयरपर्सन स्वाती शेठवाला ने कहा कि एसजीसीसीआई भविष्य में भी कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन करता रहेगा।
उद्घाटन समारोह में कमिटी सदस्य मानसी विराणी, चैंबर के ऑनरेरी मंत्री बिजल जरीवाला और पूर्व ऑनरेरी मंत्री दिपक शेठवाला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
