सूरत : ‘एम्पावर्ड वुमन, एम्पावर्ड नेशन’ सेमिनार, महिला उद्यमिता पर स्मृति ईरानी का जोर

देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं एसएमई सेक्टर से जुड़ीं, 20 महिला उद्यमियों को दिल्ली ट्रेड फेस्टिवल में मुफ्त स्टॉल देने की घोषणा

सूरत : ‘एम्पावर्ड वुमन, एम्पावर्ड नेशन’ सेमिनार, महिला उद्यमिता पर स्मृति ईरानी का जोर

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) की लेडीज़ विंग द्वारा शनिवार को सरसाना स्थित उषाकांत मारफतिया हॉल में ‘एम्पावर्ड वुमन, एम्पावर्ड नेशन: स्टोरी, स्ट्रेटेजी एंड ए न्यू ट्रेंड’ विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं और डिजिटल युग में महिला उद्यमिता की बढ़ती भूमिका तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।

स्मृति ईरानी ने कहा कि देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं लघु एवं मध्यम उद्योग (एसएमई) क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिनकी कुल हिस्सेदारी लगभग 11 प्रतिशत है। इन महिला उद्यमियों के माध्यम से करीब 2 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।

उन्होंने बताया कि अनौपचारिक व्यापार क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म महिलाओं के लिए नए अवसर लेकर आए हैं। उनके अनुसार, व्हाट्सएप बिजनेस के माध्यम से देश में लगभग 8,300 करोड़ रुपये और इंस्टाग्राम के जरिए करीब 10,000 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने महिलाओं से अपने कौशल को पहचानने और डिजिटल मार्केटिंग, संचार तथा वित्तीय प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में स्वयं को सशक्त बनाने का आह्वान किया।

एसजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने स्वागत भाषण में कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश की आधी आबादी आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनेगी। उन्होंने कहा कि चैंबर महिला उद्यमियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और व्यवसाय विस्तार के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने महिला उद्यमियों से सरकारी GeM पोर्टल सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ने की अपील की। वहीं, सूरत की महापौर माया मवाणी ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त होना आवश्यक है। उन्होंने नगर निगम और सरकार की विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने घोषणा की कि आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इंडियन ट्रेड फेस्टिवल में एसजीसीसीआई की 10 महिला उद्यमियों तथा सूरत नगर निगम के सखी मंडलों की 10 महिलाओं को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। इन स्टॉलों का पूरा शुल्क कैट (CAIT) द्वारा वहन किया जाएगा।

कार्यक्रम में एसजीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष निखिल मद्रासी, मानद मंत्री परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, ग्रुप चेयरपर्सन डॉ. पारुल वडगामा, लेडीज़ विंग की चेयरपर्सन अल्पा मद्रासी सहित बड़ी संख्या में महिला उद्यमी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा शाह ने किया, जबकि अंत में गीता लाठिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Tags: Surat SGCCI