गुजरात : साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट 'CG Semi' का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- भारत ग्लोबल चिप हब बनने की ओर अग्रसर

साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट 'CG Semi' का किया उद्घाटन, कहा- 'मेक इन इंडिया' और 'डिजाइन इन इंडिया' को मिली नई गति

गुजरात : साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट 'CG Semi' का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- भारत ग्लोबल चिप हब बनने की ओर अग्रसर

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के साणंद में देश के तीसरे सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र 'CG Semi' की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एवं टेस्ट (OSAT) सुविधा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही भारत ने सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। यह संयंत्र देश को वैश्विक तकनीकी विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारत जो संकल्प लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पहले देश ने भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसी सोच के साथ 'डिजाइन इन इंडिया' और 'मेक इन इंडिया' अभियान को आगे बढ़ाया गया और आज देश के तीसरे सेमीकंडक्टर संयंत्र में चिप पैकेजिंग का वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होना उसी संकल्प की सफलता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भारत को तकनीकी, औद्योगिक और आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अत्याधुनिक संयंत्र के शुरू होने से भारत की घरेलू सेमीकंडक्टर निर्माण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी और विदेशों से आयात होने वाले महंगे सेमीकंडक्टर चिप्स पर निर्भरता कम होगी। केंद्र सरकार लंबे समय से भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 'CG Semi' का उद्घाटन भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा में एक ऐतिहासिक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेमीकंडक्टर क्षेत्र राष्ट्रीय प्राथमिकता बन चुका है और पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति हुई है।

वैष्णव ने बताया कि देश का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट 28 फरवरी को साणंद में शुरू हुआ था। इसके बाद 31 मार्च को दूसरे प्लांट की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई और अब तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट भी राष्ट्र को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भारत वैश्विक चिप निर्माण उद्योग में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

Tags: Sanand

Related Posts