सूरत टेक्सटाइल मार्केट सोसायटी चुनाव: जांच में तीन नामांकन निरस्त, 50 पत्रक सही पाये गये
20 सीटों के लिए 18 जुलाई को होगा मतदान, 8 जुलाई तक नामांकन वापस ले सकेंगे उम्मीदवार
दी सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयरहाउसेस सोसाइटी लिमिटेड के वर्ष 2026-31 कार्यकाल के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोसायटी की 20 सीटों के लिए 18 जुलाई 2026 को मतदान कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 74 उम्मीदवारी पत्र वितरित किए गए थे, जिनमें से 53 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चीफ इलेक्शन ऑफिसर अशोक जैन तथा इलेक्शन ऑफिसर अनिल अग्रवाल और महेंद्रपाल खुराना ने बताया कि 4 जुलाई को शाम 4 बजे तक हुई नामांकन पत्रों की जांच में लीज की निर्धारित राशि से कम राशि जमा होने के कारण तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। निरस्त किए गए नामांकन में मोहनलाल कोटूराम नंदवानी (दुकान नंबर सी-3006), ओमप्रकाश गोविन्दराम नारंग (दुकान नंबर जेड1-3162) तथा विनीत विमलप्रसाद जैन (दुकान नंबर वी/3145) शामिल हैं। जांच के बाद 50 नामांकन पत्र वैध पाए गए और इन्हीं उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि जिन उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त हुए हैं, वे सहकारी कानून के प्रावधानों के तहत 6 जुलाई तक अपील कर सकते हैं। वहीं, वैध उम्मीदवार 8 जुलाई को शाम 5 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद उसी दिन शाम 6 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी और मतों की गणना पूरी होने के साथ ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
