सूरत : निर्जला एकादशी पर बाबा श्याम के भक्तों ने निकाली भव्य निशान ध्वज पदयात्रा
श्री श्याम सेवा परिवार के आयोजन में भक्तों ने भजनों के साथ श्री श्याम मंदिर सूरतधाम में अर्पित किए निशान ध्वज
आषाढ़ मास की पुण्यदायिनी निर्जला एकादशी के अवसर पर श्री श्याम सेवा परिवार की ओर से बाबा श्याम की भव्य श्री श्याम निशान ध्वज पदयात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति भाव से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया।
श्री श्याम सेवा परिवार के राजेश भारूका ने बताया कि रविवार सुबह 6:30 बजे टेनिस कोर्ट, स्टार गैलेक्सी, वेसू में बाबा श्याम की पूजा-अर्चना और आरती के बाद निशान ध्वज पदयात्रा श्री श्याम मंदिर सूरतधाम के लिए रवाना हुई। पदयात्रा के दौरान भक्त बाबा श्याम और सालासर बालाजी महाराज के भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़े। भक्तों ने बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन करते हुए श्रद्धा भाव से निशान ध्वज अर्पित किए।
श्री श्याम मंदिर सूरतधाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम एवं सालासर बालाजी भगवान के श्री चरणों में निशान ध्वज समर्पित किए। आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों की उपस्थिति रही और पूरा वातावरण भक्ति एवं आस्था से भक्तिमय हो गया।
