सूरत : बारिश की तैयारियों की समीक्षा के लिए मनपा की अहम बैठक, 48 घंटे में खुदाई स्थलों की रिपोर्ट तलब
जलभराव रोकने, नालों की सफाई, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर
सूरत। सूरत नगर निगम (एसएमसी) के तापी भवन में पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में शहर में मानसून की स्थिति तथा वर्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
महापौर, मनपा आयुक्त, उप महापौर, स्थायी समिति अध्यक्ष की उपस्थिति में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को बारिश के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों को कम करने तथा आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी जोनों के अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में जाकर शहर में चल रहे कार्यों से संबंधित सभी खाइयों एवं खुदाई स्थलों का निरीक्षण करने तथा 48 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जोन अधिकारियों को यह जानकारी तैयार रखने के लिए कहा गया कि पिछले वर्ष किन-किन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई थी तथा इस वर्ष उन स्थानों पर पानी भरने से रोकने के लिए क्या-क्या उपाय किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि मानसून के दौरान मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट अभियान चलाया जाए। साथ ही नालों की सफाई के दौरान निकाले गए कचरे के निपटान और प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में मेट्रो परियोजना से जुड़े कार्यों के मद्देनजर मेट्रो सिटको के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के मौसम में निर्माण कार्यों के कारण नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही, जिन स्थानों पर बैरिकेड्स की आवश्यकता नहीं है या जहां कार्य फिलहाल नहीं हो रहा है, वहां से बैरिकेड्स हटाकर सड़कों को समतल करने के निर्देश भी दिए गए।
गार्डन विभाग को सार्वजनिक सड़कों और आवश्यक स्थानों पर अभियान चलाकर पेड़ों की ट्रिमिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश और तेज हवाओं के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर में बारिश और उससे संबंधित परिस्थितियों की जानकारी समय पर अधिकारियों, मनपा आयुक्त तथा मुख्य कार्यालय तक पहुंचे, इसके लिए प्रभावी सूचना व्यवस्था विकसित की जाए।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे चुने हुए जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें, ताकि बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
नालों की सफाई और अन्य सफाई कार्यों के लिए आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने पर भी बैठक में जोर दिया गया। वर्कशॉप और मुख्य ड्रेनेज विभाग को निर्देश दिया गया कि आवश्यकता के अनुसार सभी जोनों को पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मानसून के दौरान सफाई और राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान शहर में जलभराव, सफाई और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
