सूरत : रोटरी सूरत रिवरसाइड का 31वां पदग्रहण समारोह संपन्न, नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी
एनीमिया मुक्त भारत अभियान, HPV टीकाकरण और मानव सेवा के नए प्रकल्पों की घोषणा; सेवा, समर्पण और सामाजिक बदलाव पर रहा विशेष जोर
सूरत। रोटरी क्लब ऑफ सूरत रिवरसाइड का 31वां पदग्रहण समारोह शहर के ग्रीन फ्यूजन में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित किया गया।
समारोह में रोटरी के मूल मंत्र "Service Above Self – स्वयं से ऊपर सेवा" को केंद्र में रखते हुए नई कार्यकारिणी ने समाज में स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ जिम्मेदारी संभाली।
समारोह की शुरुआत में निवर्तमान अध्यक्ष रो. गौतम रावल ने वर्षभर मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि डांग क्षेत्र में सामुदायिक विकास कार्य, तीन जरूरतमंद एमबीबीएस विद्यार्थियों को पांच वर्षों तक प्रति वर्ष 25 हजार रुपये की शैक्षणिक सहायता, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण अभियान, सीपीआर जागरूकता कार्यक्रम तथा सगरामपुरा सेंटर में रियायती दरों पर फिजियोथेरेपी सेवा जैसी अनेक पहल सफलतापूर्वक संचालित की गईं।
उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक मूल्य इस बात से तय होता है कि उससे किसी के जीवन में कितना सकारात्मक परिवर्तन आया।
निवर्तमान सचिव रो. मनोज गजीवाला ने क्लब की वार्षिक उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए HUMF एवं पोषण परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक गुरुवार निःशुल्क पोषण सहायता प्रदान की जाती है। क्लब ने इस वर्ष इस परियोजना के 100 पोषण सप्ताह सफलतापूर्वक पूरे किए हैं।
उन्होंने नवजात शिशुओं के संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किए गए ह्यूमन मिल्क बैंक प्रोजेक्ट की जानकारी भी दी। यह परियोजना रोटरी क्लब ऑफ सूरत रिवरसाइड के साथ रोटरी क्लब ऑफ सचिन, उधना, तापी, सीफेस तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोगी रोटरी क्लब ऑफ शेड्स वैली के संयुक्त प्रयासों से साकार हुई है।
पदग्रहण अधिकारी रो. जयेश दमनवाला ने तीन पत्थर तराशने वाले कारीगरों की प्रेरक कहानी के माध्यम से रोटरी की सेवा भावना को समझाया। उन्होंने कहा कि जब कार्य केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि उद्देश्य, प्रेम और समर्पण के साथ किया जाता है, तभी वह समाज सेवा का रूप लेता है। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल परियोजनाओं का मंच नहीं, बल्कि बेहतर समाज निर्माण का एक सतत अभियान है।
कार्यक्रम के दौरान नई अध्यक्ष रो. नीरूपा पटेल ने अपने कार्यकाल का विजन प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनके लिए रोटरी का अर्थ सेवा, मित्रता और विविधता के साथ समाज के लिए कार्य करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष क्लब ऐसे प्रकल्पों पर विशेष ध्यान देगा, जो वास्तव में लोगों के जीवन में "Create Lasting Impact" छोड़ सकें।
उन्होंने क्लब के ड्रीम प्रोजेक्ट "एनीमिया मुक्त भारत अभियान" की घोषणा करते हुए बताया कि इसके तहत 1,500 किशोर-किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच कर एनीमिया स्क्रीनिंग की जाएगी। जिन बच्चों में एनीमिया पाया जाएगा, उन्हें तीन महीने तक आयरन सप्लीमेंट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही HPV टीकाकरण एवं सर्वाइकल कैंसर रोकथाम से जुड़े स्वास्थ्य प्रकल्प भी निरंतर जारी रहेंगे।
नवनियुक्त मानद सचिव पीपी रो. रितु तलवार ने सभी सदस्यों से आगामी सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को एम. टी. जरीवाला हाई स्कूल, अठवालाइंस तथा 14 जुलाई को सार्वजनिक स्कूल, डुमस में हीमोग्लोबिन जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के अंत में क्लब के सभी सदस्यों ने सेवा, करुणा और समर्पण की भावना के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि पूरी दुनिया को एक साथ बदलना संभव नहीं है, लेकिन सेवा के माध्यम से किसी एक व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
इसी सोच के साथ रोटरी क्लब ऑफ सूरत रिवरसाइड ने आने वाले वर्ष में समाज पर स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
