सूरत : CA इंटरमीडिएट परीक्षा में आरसीआई का शानदार प्रदर्शन, हेनील जैन ने हासिल की ऑल इंडिया 24वीं रैंक
आईसीएआई ने घोषित किया मई-2026 सत्र का परिणाम, रवि छावछरिया इंस्टीट्यूट के 4 छात्रों ने बनाई राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
सूरत। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा सीए इंटरमीडिएट मई-2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
इस वर्ष परिणाम प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन सूरत के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया है। सूरत के हनील जैन ने ऑल इंडिया स्तर पर 24वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
आईसीएआई के अनुसार ग्रुप-1 की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई को तथा ग्रुप-2 की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई को आयोजित की गई थीं। देशभर में 33,304 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 2,820 विद्यार्थी सफल रहे। इस बार ऑल इंडिया पास प्रतिशत 8.47 प्रतिशत रहा, जबकि जनवरी-2026 सत्र में यह 9.39 प्रतिशत था।
सूरत के प्रतिष्ठित रवि छावछरिया इंस्टीट्यूट (आरसीआई) के संस्थापक मार्गदर्शक सीए रवि छावछरिया ने परिणाम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उनकी संस्था के छात्र हेनील जैन ने 600 में से 463 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया 24वीं रैंक हासिल की। साथ ही उन्होंने सूरत शहर में दूसरा स्थान भी प्राप्त किया।
इसके अलावा विनय गंगवाल ने 457 अंकों के साथ ऑल इंडिया 30वीं रैंक तथा शहर में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि जल शाह ने 443 अंकों के साथ ऑल इंडिया 42वीं रैंक और सूरत में पांचवां स्थान हासिल किया।
संस्थान के अन्य सफल विद्यार्थियों में ऋषभ सोनी (428 अंक), जतिन दर्रा (384 अंक), देवांशु सोनी (380 अंक), प्रियांश शाह (372 अंक), रचित चौधरी (370 अंक), दक्ष मुंगरा (369 अंक) और अक्षय अग्रवाल (368 अंक) शामिल हैं।
अपनी सफलता पर हेनील जैन ने कहा कि उन्होंने 11वीं-12वीं कक्षा के दौरान ही चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य तय कर लिया था।उन्होंने बताया, “मुझे लगा कि प्रोफेशनल डिग्री में सीए सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानजनक करियर है।
फाउंडेशन में अच्छे अंक मिलने के बाद मैंने इंटरमीडिएट में ऑल इंडिया रैंक लाने का लक्ष्य बनाया। पिछले 7 से 8 महीनों तक प्रतिदिन 7 से 8 घंटे अध्ययन किया। लाइब्रेरी और घर दोनों जगह नियमित पढ़ाई की। शिक्षकों का मार्गदर्शन और विषयों को प्रैक्टिकल तरीके से समझाने की शैली मेरी सफलता में बेहद महत्वपूर्ण रही।”
आरसीआई के छात्र ऋषभ सोनी ने 428 अंक प्राप्त किए वह सिर्फ 7 अंकों से ऑल इंडिया रैंक से चूके। उन्होंने बताया कि कॉस्टिंग विषय में उन्हें 97 अंक मिले और यदि तीन अंक और मिल जाते तो वे गोल्ड मेडल के दावेदार बन सकते थे।
ऋषभ ने कहा, “मैं केवल 7 अंकों से ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल करने से चूक गया, जिसका थोड़ा अफसोस जरूर है। लेकिन अब मेरा पूरा ध्यान सीए फाइनल पर है और मैं वहां ऑल इंडिया रैंक हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत करूंगा।”
रवि छावछरिया इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान के शिक्षकों और प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफल विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थान का कहना है कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का परिणाम है।
