सूरत : जीवन भारती स्कूल के 80वें स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर, पूर्व विद्यार्थियों ने दिखाई सामाजिक सरोकार की मिसाल
एलुमनाई एसोसिएशन के आयोजन में 150 से अधिक पूर्व छात्र शामिल, लगभग 50 प्रतिशत ने किया रक्तदान
सूरत। शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान जीवन भारती स्कूल के 80वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
जीवन भारती एलुमनाई एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा सूरत ब्लड डोनेशन सेंटर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 150 से अधिक पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हालांकि, उम्र संबंधी कारणों और स्वास्थ्य संबंधी मानकों के चलते सभी इच्छुक प्रतिभागी रक्तदान नहीं कर सके। निर्धारित चिकित्सकीय जांच के बाद लगभग 50 प्रतिशत प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बोर्ड के अध्यक्ष भरतभाई शाह ने अपने संबोधन में रक्तदान को समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
शिविर में बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ जीवन भारती एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष केतन देसाई एवं उनकी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री ईश्वर सिंह पटेल ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा समाजहित में उनके योगदान की प्रशंसा की।
