सूरत टेक्सटाइल मार्केट सोसायटी चुनाव: 20 सीटों के लिए 53 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, 18 जुलाई को होगा मतदान

नामांकन प्रक्रिया पूरी, 8 जुलाई तक नाम वापसी का अवसर; मतदान के दिन ही होगी मतगणना और परिणाम घोषित

सूरत टेक्सटाइल मार्केट सोसायटी चुनाव: 20 सीटों के लिए 53 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, 18 जुलाई को होगा मतदान

दी सूरत टेक्सटाइल मार्केट को-ऑपरेटिव शॉप्स एंड वेयरहाउसेस सोसाइटी लिमिटेड के वर्ष 2026-31 कार्यकाल के लिए होने वाले चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोसायटी की 20 सीटों के लिए 18 जुलाई 2026 को मतदान कराया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 74 उम्मीदवारी पत्र वितरित किए गए, जिनमें से 53 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

चीफ इलेक्शन ऑफिसर अशोक जैन तथा इलेक्शन ऑफिसर अनिल अग्रवाल और महेंद्रपाल खुराना ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम समय-सीमा 2 जुलाई शाम 5 बजे तक थी। इसके बाद 3 जुलाई शाम 6 बजे तक उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 4 जुलाई शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी होगी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जिन उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त होंगे, उन्हें सहकारी कानून के प्रावधानों के तहत 6 जुलाई तक अपील करने का अवसर मिलेगा। वहीं, उम्मीदवार 8 जुलाई शाम 5 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद उसी दिन शाम 6 बजे अंतिम उम्मीदवार सूची जारी कर दी जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और मतों की गणना पूरी होने पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

Tags: Surat