सूरत :  ‘विक्रम सिंह अमर रहें’ के जयघोष के बीच शीतल पेयजल सेवा, 20 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की पुण्य स्मृति में जरनव इलाइट और राजस्थान युवा संघ की पहल, भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत

सूरत :  ‘विक्रम सिंह अमर रहें’ के जयघोष के बीच शीतल पेयजल सेवा, 20 हजार से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की पुण्य स्मृति में जरनव इलाइट द्वारा एवं राजस्थान युवा संघ की प्रेरणा से विशाल शीतल पेयजल सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस जनसेवा अभियान का लाभ 20 हजार से अधिक लोगों ने प्राप्त किया।

राजस्थान युवा संघ के संगठन मंत्री महेंद्र चौधरी ने बताया कि गर्मी के मौसम में आमजन और राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इस सेवा कार्य का आयोजन किया गया। दिनभर बड़ी संख्या में राहगीरों, व्यापारियों और नागरिकों ने शीतल पेयजल ग्रहण किया और इस सेवा पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत के सामाजिक योगदान, सेवा भावना और संगठन निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि विक्रम सिंह शेखावत का व्यक्तित्व और उनके जनहित के कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। कार्यक्रम स्थल पर बार-बार गूंजे “विक्रम सिंह अमर रहें” के नारों से माहौल श्रद्धा और भावनाओं से भर गया। उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राजस्थान युवा संघ के जगदीश शर्मा, गिरधारी सिंह, धीरज राजपुरोहित, संजय जैन, ओम प्रकाश कुमावत, विनोद सारस्वत सहित लघु उद्योग भारती की महिला अध्यक्ष चंचल वचानी एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। वहीं जरनव इलाइट की ओर से जयंत पटेल, जगदीश पटेल और रमेश पटेल की उपस्थिति रही।

सभी अतिथियों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में समाज सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Tags: Surat