सूरत : 30 सेकंड में 30 लाख की ज्वेलरी लेकर फरार हुआ कारीगर, पूरी वारदात CCTV में कैद

महिधरपुरा स्थित सांधा ज्वेल्स में नौकरी के 12वें दिन दिया वारदात को अंजाम; सोने-हीरे के गहने लेकर फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूरत : 30 सेकंड में 30 लाख की ज्वेलरी लेकर फरार हुआ कारीगर, पूरी वारदात CCTV में कैद

सूरत। सूरत के महिधरपुरा क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी फैक्ट्री में महज 30 सेकंड के भीतर 30.42 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण चोरी कर एक कारीगर फरार हो गया।

पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, महिधरपुरा के भवानी वड मेन रोड स्थित सांधा निवास के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित 'सांधा ज्वेल्स' में पश्चिम बंगाल निवासी प्रदीपकुमार मैती की सोने और हीरे की ज्वेलरी निर्माण इकाई है।

फैक्ट्री संचालक ने 5 जून को पश्चिम बंगाल निवासी संजीब उर्फ बापन स्वपन साध्या को 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर कारीगर के रूप में नियुक्त किया था।

संजीब पहले भी करीब पांच वर्ष तक यहां काम कर चुका था और हीरे जड़ने में दक्ष होने के कारण उसे दोबारा नौकरी पर रखा गया था। उसके रहने की व्यवस्था भी फैक्ट्री परिसर में ही की गई थी।

बताया गया कि 16 जून की रात फैक्ट्री मैनेजर सुदीपकुमार दास के जाने के बाद ग्राहकों के सोने और हीरे के आभूषण संजीब ने अपने लॉकर में रख दिए थे। अगले दिन सुबह मैनेजर ने उसे लॉकर से आभूषण निकालकर काम शुरू करने के लिए कहा और स्वयं किसी कार्य से ऊपर चले गए।

इसी दौरान संजीब ने मौका पाकर मात्र 30 सेकंड में लॉकर से 111.56 ग्राम सोने के आभूषण और 62.38 कैरेट हीरे, जिनकी कुल कीमत 30.42 लाख रुपये बताई गई है, निकाल लिए और फरार हो गया। करीब 10 मिनट बाद जब मैनेजर नीचे लौटे तो आरोपी गायब था और लॉकर से आभूषण भी नहीं मिले।

घटना की सूचना मिलने पर महिधरपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में पूरी चोरी रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई है और उसके संभावित रूप से पश्चिम बंगाल भाग जाने की आशंका के चलते अलग-अलग टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Tags: Crime Surat