सूरत : ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ में 600 करोड़ के कारोबार की संभावना, 3 दिनों में 35 हजार से ज्यादा विजिटर्स पहुंचे
देशभर के 15 से अधिक प्रमुख टेक्सटाइल बाजारों से 2,500 से ज्यादा खरीदारों ने लिया हिस्सा; विस्कोस, साल्सा, डेनिम और होम फर्निशिंग फैब्रिक की रही सबसे अधिक मांग
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) द्वारा 26 से 28 जून 2026 तक सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (SIECC) में आयोजित तीन दिवसीय ‘ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026’ का रविवार को सफल समापन हुआ।
एक्सपो में देश-विदेश से आए खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों की भारी भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में भाग लेने वाले प्रदर्शकों को स्पॉट और संभावित ऑर्डरों के रूप में 600 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार मिलने की संभावना है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य फैब्रिक निर्माता, टेक्सटाइल उद्योगपति, गारमेंट निर्माता, फैशन डिजाइनर, निर्यातक और थोक खरीदारों को एक साझा व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराना था, जिसमें चैंबर को उल्लेखनीय सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि पहले दो दिनों में करीब 20,000 विजिटर्स प्रदर्शनी देखने पहुंचे, जबकि रविवार को अवकाश होने के बावजूद लगभग 15,000 लोगों ने एक्सपो का दौरा किया। इस तरह तीन दिनों में कुल 35,000 से अधिक विजिटर्स और 2,500 से ज्यादा वास्तविक खरीदारों ने प्रदर्शनी में भाग लिया।
जीरावाला के अनुसार, जयपुर, जोधपुर, इरोड, पुणे, वाराणसी, ग्वालियर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, लुधियाना, कोलकाता, लखनऊ, चेन्नई, मुंबई और दिल्ली सहित देश के प्रमुख टेक्सटाइल बाजारों से बड़ी संख्या में खरीदार तथा विभिन्न कॉर्पोरेट कंपनियों के खरीद प्रबंधक विशेष रूप से एक्सपो में पहुंचे।
एक्सपो के चेयरमैन डॉ. हरेश पटेल ने बताया कि इस बार आधुनिक टेक्नोलॉजी आधारित फैब्रिक ने खरीदारों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से पोजिशन प्रिंट वाले विस्कोस फैब्रिक, एयरजेट मशीन पर बने साल्सा प्लेन और साल्सा बूटी फैब्रिक की मांग सबसे अधिक रही।
इसके अलावा नायलॉन फैब्रिक, टॉप-डाइड साड़ी फैब्रिक, वॉटरजेट लूम पर तैयार प्लेन फैब्रिक तथा होम फर्निशिंग के लिए डॉबी फैब्रिक को भी खरीदारों ने पसंद किया।
डॉ. पटेल ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान वॉटरजेट वैल्यू एडिशन फैब्रिक तथा डेनिम फैब्रिक को लेकर गारमेंट निर्माताओं की ओर से बड़ी संख्या में पूछताछ और ऑर्डर प्राप्त हुए। खरीदारों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को नई व्यावसायिक संभावनाएं मिली हैं।
आयोजकों का मानना है कि इस एक्सपो ने न केवल सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का सफल मंच प्रदान किया, बल्कि भविष्य में निर्यात और घरेलू कारोबार को भी नई गति देने की मजबूत नींव रखी है।
