सूरत रेलवे स्टेशन पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई: तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 2 किलो कोकीन बरामद, यात्री गिरफ्तार
दिल्ली से मुंबई ले जाई जा रही थी करीब 10 करोड़ रुपये की कोकीन, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क की जांच तेज
सूरत। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की सूरत इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरत रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से मुंबई जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस से लगभग 2 किलोग्राम कोकीन बरामद की है।
जब्त की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में 39 वर्षीय आरोपी फैजल अहमद को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने सूरत रेलवे स्टेशन पर निगरानी रखी थी। निर्धारित समय पर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के स्टेशन पहुंचने के बाद अधिकारियों ने ट्रेन में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध यात्री के सामान से करीब 2 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता की कोकीन बरामद हुई।
डीआरआई ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे एक दिन की रिमांड पर भेज दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से मुंबई तक इस खेप को एक कैरियर के रूप में पहुंचाने जा रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कोकीन की यह खेप उसे किसने सौंपी थी, इसका मूल स्रोत क्या है और मुंबई में इसे किसे सौंपा जाना था।
डीआरआई अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और अन्य राज्यों से भी कड़ियां जोड़कर जांच की जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान ड्रग तस्करी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
