सूरत : देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा शुरू, अब बिना रुके कटेगा टोल

NH-48 पर चोर्यासी में लॉन्च ‘फ्री फ्लो टोल सिस्टम’, ANPR और FASTag से ऑटोमैटिक वसूली

सूरत : देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा शुरू, अब बिना रुके कटेगा टोल

सूरत। देश में पहली बार गुजरात में बैरियर-लेस ‘फ्री फ्लो टोल सिस्टम’ की शुरुआत हो गई है। मुंबई-दिल्ली नेशनल हाईवे (NH-48) पर सूरत के पास स्थित चोर्यासी टोल प्लाजा अब पूरी तरह से बैरियर-फ्री हो गया है, जिससे वाहन बिना रुके टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे।

इस अत्याधुनिक व्यवस्था के लागू होने से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी, साथ ही समय और ईंधन की बचत भी होगी। हाल ही में इस सिस्टम का 2 से 2.5 घंटे का सफल ट्रायल रन किया गया था, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर संजयकुमार यादव के अनुसार, इस सिस्टम में ताइवान की उन्नत तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों के जरिए वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन की जाएगी और FASTag से जुड़े खाते से टोल राशि स्वतः कट जाएगी। इस प्रक्रिया में वाहनों को कहीं रुकने की जरूरत नहीं होगी।

सरकार का लक्ष्य वर्ष 2026 के अंत तक देशभर के 1,050 से अधिक टोल प्लाजा को इसी तरह के एआई-आधारित बैरियर-फ्री सिस्टम में परिवर्तित करना है। इससे टोल वसूली प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित और तेज हो जाएगी।

स्थानीय वाहन चालकों को राहत देने के लिए टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वालों के लिए 350 रुपये में मासिक पास और नियमित यात्रियों के लिए 3,075 रुपये का वार्षिक पास उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज जमा कर पास बनवाया जा सकता है।

चोर्यासी टोल प्लाजा पर कुल 8 लेन संचालित हैं, जिनमें 4 लेन मुंबई-अहमदाबाद और 4 लेन अहमदाबाद-मुंबई दिशा के लिए निर्धारित हैं। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए यहां 32 हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए गए हैं। प्रतिदिन लगभग 40,000 वाहन इस टोल प्लाजा से गुजरते हैं, जिन्हें इस नई तकनीक का सीधा लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस पहल को ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ और ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूती मिलेगी, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और प्रदूषण भी घटेगा।

Tags: Surat

Latest Posts

उड़ान के दौरान केबिन क्रू से दुर्व्यवहार करने वाले यात्री को सूरत एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया
सूरत : हाई कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आया नगर निगम, नासिरनगर के बेघर परिवारों के लिए भरी माता कम्युनिटी हॉल में अस्थायी आश्रय की व्यवस्था
सूरत : राकेश सैनी ने दांतों से 8 कारें 100 मीटर तक खींचकर बनाया रिकॉर्ड, वर्ल्ड ड्रग्स डे पर युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
अमरनाथ यात्रा में सूरत की सेवा परंपरा: 28 वर्षों से श्रद्धालुओं को मिल रहा शुद्ध गुजराती भोजन का प्रसाद
सूरत : “भाषा और वेशभूषा अलग हो सकती है, लेकिन भारतीय होने का भाव एक है” : महामहिम नंदकिशोर यादव