गुजरातः मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक ही दिन में 6 नगरों में 52.75 करोड़ के जलापूर्ति कार्यों को दी सैद्धांतिक मंजूरी

गुजरातः  मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक ही दिन में 6 नगरों में 52.75 करोड़ के जलापूर्ति कार्यों को दी सैद्धांतिक मंजूरी

राज्य के नगरों में नागरिकों तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता

 जूनागढ़ महानगर के एक जोन के अलावा खंभालिया, धोराजी, चलाला, झालोद और माणसा नगर को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के नगरों और महानगरों में रहने वाले नागरिकों को नियमित रूप से पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के जनहितकारी दृष्टिकोण के साथ 1 महानगर और 5 नगरों में जलापूर्ति योजना के कुल 52.75 करोड़ रुपए के कार्यों को एक ही दिन में सैद्धांतिक मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत जूनागढ़ महानगर के एक जोन तथा खंभालिया, धोराजी, झालोद, चलाला और माणसा नगर पालिका के विभिन्न जलापूर्ति कार्यों को मंजूर किया है। इन नगरों में वर्तमान आधार वर्ष के अनुसार आगामी वर्ष 2051-52 की अनुमानित आबादी की पानी की जरूरत को ध्यान में रखकर शहरी विकास विभाग द्वारा प्रस्तुत किए गए इन योजनाओं के प्रस्तावों को भूपेंद्र पटेल ने अनुमति दी है। 
जिसके अनुसार, जूनागढ़ महानगर पालिका के जोन-3 में जलापूर्ति के कार्यों के लिए 20.85 करोड़ रुपए, खंभालिया नगर पालिका के लिए 7.22 करोड़ रुपए, धोराजी के लिए 2.80 करोड़ रुपए, झालोद के लिए 14.16 करोड़ रुपए, चलाला के लिए 3.40 करोड़ रुपए और माणसा नगर पालिका के लिए 4.32 करोड़ रुपए के कार्यों की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस सैद्धांतिक मंजूरी के परिणामस्वरूप अब जूनागढ़ महानगर के अलावा पांच नगर पालिकाओं में जलापूर्ति के कार्यों के तहत राइजिंग मेन, ग्रेविटी मेन, वितरण व्यवस्था, वाटर संप, पंप हाउस, पंपिंग मशीनरी और भूमिगत संप के कार्य तथा नए क्षेत्रों के लिए वितरण व्यवस्था एवं भंडारण कार्यों का आयोजन किया जाएगा। 
Tags: