सूरत : बिजली करंट से 22 वर्षीय नवविवाहिता व 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

कतारगाम में छत पर नहाते समय बिजली गिरने से नवविवाहिता की जान गई, मान दरवाजा में सीढ़ियों की रेलिंग में करंट उतरने से बच्ची की मौत

सूरत : बिजली करंट से 22 वर्षीय नवविवाहिता व 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

सूरत। मानसून की बारिश के साथ सूरत शहर में आकाशीय बिजली और करंट से होने वाली दुर्घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। मंगलवार को शहर में दो अलग-अलग हादसों में 22 वर्षीय नवविवाहिता और छह वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद शहर में मानसून के दौरान बिजली और विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार कटारगाम क्षेत्र में खोडियार माता टेकरी के पास स्थित सुकून पैलेस निवासी 22 वर्षीय ऋषिता राजन मिस्त्री बारिश का आनंद लेने के लिए घर की छत पर गई थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई।

बिजली गिरने से उनके बाएं कंधे से लेकर कोहनी तक का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। पड़ोसियों ने घटना देखकर तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार ऋषिता का विवाह मात्र छह माह पहले ही हुआ था। उनके पति राजन मिस्त्री कटारगाम स्थित एक औद्योगिक इकाई में मशीन निर्माण का व्यवसाय करते हैं। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुए इस हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

दूसरी घटना मान दरवाजा क्षेत्र में हुई, जहां छह वर्षीय अलीना स्कूल से घर लौटने के बाद सीढ़ियां चढ़ रही थी। बारिश के कारण सीढ़ियों की लोहे की रेलिंग में कथित रूप से करंट प्रवाहित हो गया। रेलिंग पकड़ते ही बच्ची करंट की चपेट में आ गई और संतुलन बिगड़ने से सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ी।

गंभीर रूप से घायल अलीना को परिजन तत्काल सूरत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अलीना अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी और उसके दो भाई हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले रांदेर क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली गिरने और करंट फैलने से दो युवकों की मौत हो गई थी। ताजा दो घटनाओं के बाद मानसून की शुरुआत में ही सूरत में बिजली और करंट से होने वाली दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या चार तक पहुंच गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, छतों और बिजली के उपकरणों या धातु की संरचनाओं से दूर रहने तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है।

Tags: Surat