गुजरात में एक साथ तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय, 8 जिलों में रेड अलर्ट; बंदरगाहों पर नंबर-3 सिग्नल जारी
अहमदाबाद/सूरत, 07 जुलाई (वेब वार्ता)। गुजरात में एक साथ तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से मौसम ने विकराल रूप ले लिया है। इसको लेकर प्रदेश के 8 जिलों में रेड अलर्ट के साथ बंदरगाहों पर नंबर-3 सिग्नल जारी किया गया है।
राज्य के ऊपर तीन प्रमुख मौसमीय सिस्टम हैं–मानसून ट्रफ, ये मानसून की मुख्य रेखा, जो फिलहाल पूरे गुजरात से होकर गुजर रही है। दूसरा
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, उत्तर-पश्चिम से आने वाला पश्चिमी विक्षोभ, जो मौसम को प्रभावित कर रहा है।
वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया, जो कम दबाव का मजबूत क्षेत्र, जिसके कारण भारी से अति भारी वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
गुजरात के मौसम विभाग ने सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी, डांग, भावनगर, दमन तथा दादरा एवं नगर हवेली सहित 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर तटीय क्षेत्रों के सभी बंदरगाहों पर नंबर-3 चेतावनी सिग्नल फहरा दिया गया है।
अमरेली, गिर सोमनाथ, भरूच, नर्मदा, खेड़ा और अरवल्ली जिलों में भी अति भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा अहमदाबाद, गांधीनगर, जूनागढ़, बोटाद, साबरकांठा, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, पंचमहल, दाहोद और महीसागर जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने अहमदाबाद में तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने आपात तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और मौसम संबंधी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
