सूरत : 62वीं गुजरात राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में सूरत के सौर्यौश सिंह राजावत का दमदार प्रदर्शन, जीते 6 पदक

तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक पर किया कब्जा, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे युवा निशानेबाज

सूरत : 62वीं गुजरात राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में सूरत के सौर्यौश सिंह राजावत का दमदार प्रदर्शन, जीते 6 पदक

अहमदाबाद में आयोजित 62वीं गुजरात राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में सूरत के युवा निशानेबाज सौर्यौश सिंह राजावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। उन्होंने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर न केवल सूरत, बल्कि पूरे गुजरात का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में सौर्यौश ने 10 मीटर एयर पिस्टल (सब-यूथ) स्पर्धा में स्वर्ण पदक, 10 मीटर एयर पिस्टल (यूथ) में रजत, 10 मीटर एयर पिस्टल (जूनियर) में कांस्य, 10 मीटर एयर पिस्टल (यूथ टीम) में स्वर्ण, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (यूथ) में स्वर्ण तथा 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (जूनियर) वर्ग में रजत पदक हासिल किया। एक ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छह पदक जीतना उनकी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रमाण माना जा रहा है।

सौर्यौश सिंह राजावत एक प्रतिष्ठित एवं सामाजिक रूप से सक्रिय परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता डॉ. वीरेंद्र सिंह राजावत सूरत के सुप्रसिद्ध न्यूमरोलॉजिस्ट एवं समाजसेवी हैं। वे राजस्थान युवा संघ, लघु उद्योग भारती, साकेत सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। उनकी माता डॉ. यामिनी खिंची वास्तुशास्त्र में पीएचडी हैं और अपने क्षेत्र की विशेषज्ञ के रूप में जानी जाती हैं।

सौर्यौश की इस उपलब्धि पर खेल जगत, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उनका समर्पण और अभ्यास इसी तरह जारी रहा तो वे जल्द ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गुजरात और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का नाम रोशन करेंगे।

सौर्यौश ने अपने शूटिंग करियर का प्रारंभिक प्रशिक्षण सूरत की अंतरराष्ट्रीय कोच तृप्ति चेवली के मार्गदर्शन में प्राप्त किया। वर्तमान में वे जयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच ओम प्रकाश चौधरी के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहे हैं और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं। सौर्यौश सिंह राजावत की यह सफलता सूरत के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास, योग्य मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

Tags: Surat