सूरत : “महामहिम नंदकिशोर यादव का स्वागत हमारे लिए गौरव का विषय, स्टेट गेस्ट हाउस अहमदाबाद में करेंगे अभिनंदन” : अरविंद सिंह
नागालैंड के महामहिम राज्यपाल का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा, सादगी और जनसमर्पण की एक प्रेरणादायी मिसाल
बिहार के कद्दावर नेता, अनेक महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित करने वाले एवं वर्तमान में नागालैंड के महामहिम राज्यपाल नंदकिशोर यादव का गुजरात की पावन धरा पर स्वागत करने का अवसर प्राप्त होना हम सभी हिंदीभाषियों के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।”यह उद्गार हिंदीभाषी महासंघ गुजरात के महासचिव एवं भाजपा नेता अरविंद सिंह ने महामहिम नंदकिशोर यादव के गुजरात आगमन के अवसर पर व्यक्त किए।
अरविंद सिंह ने कहा कि नागालैंड के महामहिम राज्यपाल का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा, सादगी और जनसमर्पण की एक प्रेरणादायी मिसाल है। बिहार की राजनीति में उन्होंने अपने कुशल नेतृत्व और जनसेवा के माध्यम से विशेष पहचान बनाई तथा विभिन्न महत्वपूर्ण संवैधानिक और संगठनात्मक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वर्तमान में वे महामहिम राज्यपाल के रूप में राष्ट्रसेवा कर रहे हैं।
श्री सिंह ने बताया कि हिंदीभाषी महासंघ गुजरात द्वारा 25 जून, 2026 को सायं 6:00 बजे स्टेट गेस्ट हाउस, शाहीबाग, अहमदाबाद स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में महामहिम का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि हिंदीभाषी महासंघ गुजरात पिछले कई वर्षों से गुजरात में निवास कर रहे हिंदीभाषी समाज को एक मंच प्रदान करने, उनकी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। ऐसे में हिंदीभाषी समाज के एक प्रतिष्ठित और सम्मानित व्यक्तित्व महामहिम नंदकिशोर यादव का स्वागत करना महासंघ के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर है।
श्री सिंह ने आगे कहा कि 25 से 28 जून तक गुजरात प्रवास के दौरान महामहिम विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिससे प्रदेश के लोगों को उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
