सूरत : श्याम मंदिर कार्यकारिणी चुनाव में ‘मेरा श्याम सबका श्याम’ ग्रुप का दबदबा, सभी 12 प्रत्याशी विजयी
ट्रस्टी एवं आजीवन सदस्य पदों पर ग्रुप ने दर्ज की शत-प्रतिशत जीत, उत्साह का माहौल
वीआईपी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर, सूरतधाम की कार्यकारिणी के 12 पदों के लिए रविवार को वेसू स्थित अग्रवाल विद्या विहार स्कूल में चुनाव संपन्न हुए। चुनाव में ‘मेरा श्याम सबका श्याम’ ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी 12 उम्मीदवारों को विजयी बनाकर शत-प्रतिशत सफलता हासिल की।
चुनाव अधिकारी साँवरप्रसाद बुधिया, गिरीश मित्तल एवं बजरंगलाल गाडोदिया ने बताया कि मतदान प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए।
ट्रस्टी सदस्य के नौ पदों के लिए कुल 940 मत डाले गए, जिनमें 61 प्रॉक्सी वोट शामिल थे। इनमें से 912 मत वैध पाए गए। वहीं, आजीवन सदस्य के तीन पदों के लिए कुल 1,293 सदस्यों ने मतदान किया, जिनमें 40 प्रॉक्सी वोट शामिल रहे। इस श्रेणी में 1,281 मत वैध घोषित किए गए।
ट्रस्टी सदस्य पद पर विजयी उम्मीदवारों में संजय सरावगी, अनिल रुंगटा, राजकिशोर शाह (पप्पू), रमेश अग्रवाल (विनायक), अशोक चोकडिका, विनय बेरीवाला, शिवप्रसाद पोद्दार, योगेश झाखलिया तथा शेखर गौरीसरिया शामिल हैं। आजीवन सदस्य पद पर अमित सुद्रानिया, शंकरलाल मोर एवं सीतेश बंसल विजयी घोषित किए गए।
परिणामों की घोषणा के बाद विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। मंदिर परिवार के सदस्यों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के विकास एवं सेवा कार्यों में उनके सफल योगदान की अपेक्षा व्यक्त की।
