सूरत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 जून के सूरत दौरे की तैयारियां तेज, समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
हजीरा स्थित L&T प्लांट का करेंगे दौरा, इंडोर स्टेडियम में जनसभा को करेंगे संबोधित, 18 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण एवं शिलान्यास
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 जून को प्रस्तावित सूरत दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दौरे की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए जिला कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, लाभार्थियों एवं अतिथियों की आवाजाही सहित विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। जिला कलेक्टर तेजस परमार ने प्रधानमंत्री के दौरे से संबंधित तैयारियों का विस्तृत प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला कलेक्टर तेजस परमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में वे हजीरा स्थित Larsen & Toubro के प्लांट का दौरा करेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न विभागों की लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, जिससे दक्षिण गुजरात के विकास को नई गति मिलेगी।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया, सांसद मुकेशभाई दलाल, महापौर मायाबेन मावाणी, विधायक सर्वश्री मुकेशभाई पटेल, पूर्णेशभाई मोदी, संदीपभाई देसाई, ईश्वरभाई परमार, मनुभाई पटेल, प्रवीणभाई घोघरी, मोहनभाई धोडिया, जिला कलेक्टर तेजस परमार, पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, नगर आयुक्त एम. नागराजन, जिला विकास अधिकारी तथा प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
