सूरत में महिला उद्यमियों के लिए “एबीएन शक्ति” का भव्य शुभारंभ
नेटवर्किंग और व्यवसायिक विकास के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया मंच
अग्रवाल समाज ट्रस्ट, घोड़दौड़ रोड, सूरत द्वारा महिला उद्यमियों एवं प्रोफेशनल महिलाओं के लिए विशेष बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म “एबीएन शक्ति” का भव्य शुभारंभ किया गया। आयोजित लॉन्च मीटिंग में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं सूरत पुलिस कमिश्नर की धर्मपत्नी श्रीमती संध्या गहलोत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं मुख्य अतिथियों के रूप में पूर्व डिप्टी मेयर एवं शिक्षक रत्न पुरस्कार से सम्मानित डॉ. सुषमा अग्रवाल तथा सूरत महानगरपालिका की कॉरपोरेटर श्रीमती सुमन गर्ग मौजूद रहीं।
इस अवसर पर एबीएन शक्ति की नवगठित लीडरशिप टीम की घोषणा भी की गई। इसमें श्रीमती रेखा जालान को अध्यक्ष, सुश्री पारिधी अग्रवाल को उपाध्यक्ष, श्रीमती दिशा लोहिया को सचिव, सुश्री दीपांशी मित्तल को संयुक्त सचिव तथा श्रीमती साधना अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं श्रीमती रेखा रूंगटा को ग्रोथ कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्रीमती रेखा जालान ने महिला इकाई द्वारा आयोजित सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। वहीं सुश्री पारिधी अग्रवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि नेटवर्किंग और व्यवसायिक सहयोग के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एबीएन शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अग्रवाल समाज ट्रस्ट के संरक्षक संजय जगनानी ने कहा कि यह मंच महिला उद्यमियों को व्यवसायिक अवसरों, सहयोग और नेटवर्किंग के माध्यम से आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम प्रदान करेगा। इस दौरान निखिल गर्ग एवं एबीएन के संस्थापकों ने भी टीमवर्क, नेटवर्किंग और सामूहिक व्यवसायिक विकास के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं नवगठित लीडरशिप टीम का सम्मान किया गया। साथ ही “30 सेकंड बिजनेस प्रेजेंटेशन राउंड” का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने व्यवसाय का संक्षिप्त परिचय दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री दीपांशी मित्तल ने किया, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की। अंत में सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने समूह फोटो के साथ कार्यक्रम को यादगार बनाया।
