सूरत : फोस्टा की नई पहल: “छोटा प्रयास — बड़ा परिवर्तन” अभियान शुरू
कपड़ा व्यापारियों से सामूहिक वाहन उपयोग अपनाने की अपील, पेट्रोल बचत और ट्रैफिक नियंत्रण पर जोर
सूरत। फोस्टा ने ऊर्जा संरक्षण, ट्रैफिक नियंत्रण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। “छोटा प्रयास — बड़ा परिवर्तन” नामक इस पहल के तहत सूरत के कपड़ा व्यापारियों से सामूहिक वाहन उपयोग अपनाने की अपील की गई है।
फोस्टा के अध्यक्ष कैलास हाकिम ने कहा कि सूरत का कपड़ा व्यापार हमेशा से देशहित, समाजहित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल बचत, ऊर्जा संरक्षण और जनभागीदारी को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित होकर यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश विभिन्न वैश्विक चुनौतियों और परिस्थितियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और व्यापारी का दायित्व है कि वह संसाधनों की बचत और देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान दे।
फोस्टा ने विशेष रूप से उन व्यापारियों से अपील की है जो प्रतिदिन एक ही बिल्डिंग, मार्केट, सोसायटी या आसपास के क्षेत्रों से रिंग रोड और सारोली मार्केट आते-जाते हैं। उन्हें “अल्टरनेट वाहन व्यवस्था” और “सामूहिक वाहन उपयोग” अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
संस्था ने सुझाव दिया है कि चार पहिया वाहन से आने वाले व्यापारी अपने आसपास के व्यापारियों से संपर्क कर या व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से समन्वय बनाकर 4 से 6 लोगों को एक साथ लेकर मार्केट आने-जाने की व्यवस्था करें।
फोस्टा के अनुसार इस छोटी पहल से पेट्रोल और डीज़ल की बचत होगी, ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या कम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही व्यापारियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सामाजिक जुड़ाव भी मजबूत होगा।
संस्था ने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटील और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा जनभागीदारी और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया है। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यदि सूरत का कपड़ा बाजार यह संकल्प लेता है, तो यह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन सकता है।
फोस्टा ने सभी व्यापारियों से “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और ऊर्जा बचत व यातायात नियंत्रण में सहयोग देने की अपील की है।
