सूरत : महावीर इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के नए सेवा कार्यालय का शुभारंभ
वेसू स्थित स्थायी कार्यालय से जनसेवा गतिविधियों को मिलेगी नई गति, 150 से अधिक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति
महावीर इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुख्य शाखा–सूरत के नए सेवा कार्यालय का उद्घाटन रविवार को वेसु स्थित टाइम्स स्क्वायर परिसर में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। नए कार्यालय के शुभारंभ के साथ संस्था ने सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल पिछले 51 वर्षों से भारत और विदेशों में अपनी लगभग 350 शाखाओं तथा 12 हजार से अधिक सदस्यों के माध्यम से मानव सेवा के विविध कार्यों में सक्रिय है। वहीं सूरत मुख्य शाखा बीते 28 वर्षों से जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के लिए विभिन्न जनसेवा परियोजनाओं का सफल संचालन कर रही है।
संस्था के अध्यक्ष वीर सीए दिनेश जैन, सचिव वीर नरेश ललवानी एवं कोषाध्यक्ष वीर सीए राजेश मालू ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा नियमित रूप से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, नेत्र जांच एवं उपचार, जरूरतमंदों को भोजन वितरण, आदिवासी क्षेत्रों में दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराना, शिक्षा सहायता, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) सहित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वयं का स्थायी सेवा कार्यालय प्रारंभ होने से अब इन सभी सेवा प्रकल्पों को अधिक व्यवस्थित, व्यापक और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सकेगा। उद्घाटन समारोह में संस्था के लगभग 150 से अधिक वीर, वीराओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम में संस्था के ट्रस्टी एवं सलाहकार वीर गणपतजी भंसाली, वीर सीए निर्मल कोठारी, अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष (रीजन-8) वीर सुरेंद्रजी मरोठी, अंतरराष्ट्रीय निदेशक (आईटी) वीर संदीप डांगी, गुजरात ज़ोन चेयरपर्सन वीरा निशा सेठिया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में सूरत महानगरपालिका के कॉर्पोरेटर एवं ड्रेनेज विभाग समिति के उपाध्यक्ष रजनीशभाई देसाई (वार्ड-20), कॉर्पोरेटर एवं वाटर विभाग समिति की अध्यक्ष रश्मी साबू (वार्ड-22), कॉर्पोरेटर एवं पीडब्ल्यूडी विभाग समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती शीतलबेन पटेल (वार्ड-22) तथा वार्ड प्रमुख प्रतीकभाई पटेल (वार्ड-22) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के संकल्प के साथ हुआ।
