सूरत : निकिता शर्मा के जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प, विप्र फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्त संग्रह
विप्र गौरव भवन में आयोजित शिविर में रक्तवीरों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, जरूरतमंद मरीजों के लिए बनेगा जीवनदायी सहारा
विप्र फाउंडेशन सूरत अध्यक्ष घनश्याम सेवक के सौजन्य से राजेश शर्मा की पुत्री निकिता शर्मा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सारोली स्थित विप्र गौरव भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवता को समर्पित इस शिविर में समाज के रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 75 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर के दौरान विप्र फाउंडेशन के अध्यक्ष तोला राम सारस्वत, महामंत्री सज्जन महर्षि, संगठन महामंत्री मीठा लाल, दामोदर गौड़, राजस्थान युवा संघ के पूर्व अध्यक्ष लाल सिंह राजपुरोहित, लघु उद्योग भारती सूरत के अध्यक्ष एवं राजस्थान युवा संघ के उपाध्यक्ष राम अवतार पारीक, पंकज शर्मा, महेंद्र चौधरी, खंडेलवाल समाज के अध्यक्ष पुखराज खंडेलवाल, एसएमसी पार्षद एवं वाइस चेयरमैन अशोक पोखरणा, समाजसेवी मातादीन काबरा, गंगाधर जाट सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे।
विप्र फाउंडेशन के चिकित्सा प्रभारी एवं राजस्थान युवा संघ के संगठन मंत्री राजेश शर्मा ने बताया कि पुत्री निकिता शर्मा के जन्मदिवस को समाजसेवा और मानवता का संदेश देने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि शिविर में एकत्रित 75 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, जीवन ज्योत ब्लड सेंटर की टीम तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
