सूरत : केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, ओएनजीसी, सूरत में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वन महोत्सव

वृक्षारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हरित प्रतिज्ञा के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सूरत : केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, ओएनजीसी, सूरत में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वन महोत्सव

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, ओएनजीसी, सूरत के प्राथमिक विभाग में वन महोत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओएनजीसी हजीरा के जीजीएम, प्लांट मैनेजर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सोनी रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ओएनजीसी सूरत के सीजीएम एवं वीएमसी के नामित अध्यक्ष एस. के. महापात्रा तथा मुख्य प्रबंधक (एचआर) आर. के. मिश्रा उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार द्वारा अतिथियों के हरित स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने हरित प्रतिज्ञा लेकर प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मनमोहक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, ग्रीन कैटवॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बच्चों ने फल, फूल, पशु-पक्षियों और प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों की वेशभूषा धारण कर आकर्षक जंगल दृश्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान इको क्लब के कैप्टनों को बैज प्रदान किए गए। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि वीरेन्द्र सोनी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए वन महोत्सव के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की वरिष्ठतम प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती दक्षा गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मंच संचालन पार्थ शुक्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राथमिक शिक्षिका सुश्री दक्षा पटेल ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा पौधों की निरंतर देखभाल के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Tags: Surat